Durg Cyber Crime: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले से ब्लैकमेलिंग का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर फर्जी आईडी बनाकर महिला की तस्वीरों से छेड़छाड़ कर ब्लैकमेल करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। मामला उतई थाना क्षेत्र का है, जहां पीड़िता की शिकायत पर साइबर अपराध के तहत कार्रवाई की गई।

पीड़िता के अनुसार आरोपी राधेलाल माहरा ने इंस्टाग्राम पर फर्जी आईडी बनाकर उसे फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी थी। रिक्वेस्ट स्वीकार करने के बाद आरोपी ने बातचीत शुरू की और बाद में व्हाट्सएप के जरिए संपर्क कर अश्लील तस्वीरें भेजते हुए ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया।
आरोपी ने पीड़िता की तस्वीरों को आपत्तिजनक तरीके से एडिट कर इंस्टाग्राम और मैसेज के माध्यम से वायरल करने की धमकी दी। वह लगातार अभद्र भाषा का इस्तेमाल कर रहा था और पीड़िता पर अपनी मांगें मानने का दबाव बना रहा था। पीड़िता द्वारा इनकार करने पर आरोपी ने धमकियों का सिलसिला और बढ़ा दिया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आईटी एक्ट की धारा 67 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान आरोपी को बालोद जिले के ग्राम कोहगाटोला से घेराबंदी कर गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि उसने तीन अलग-अलग फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर यह अपराध किया था। पुलिस ने आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन और चैटिंग से जुड़े महत्वपूर्ण स्क्रीनशॉट जब्त किए हैं।
