CG Budget Session 2026: छत्तीसगढ़ विधानसभा बजट सत्र 2026 के चौथे दिन प्रश्नकाल के दौरान ड्रग तस्करी का मामला गूंज उठा। बहुचर्चित ड्रग पैडलर नव्या मलिक का नाम सदन में उठने के बाद राजनीतिक हलचल तेज हो गई। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सरकार से इस मामले में जवाब मांगा।

भूपेश बघेल ने सवाल उठाया कि ड्रग मामले में आरोपी बताई जा रही नव्या मलिक का नाम आरोपियों की सूची में शामिल क्यों नहीं है। प्रश्न के लिखित उत्तर में उसका नाम क्यों गायब है? आखिर उसका नाम छुपाने के पीछे क्या कारण है और इसके लिए जिम्मेदार कौन है? उन्होंने यह भी पूछा कि क्या इस कथित लापरवाही पर कोई कार्रवाई की जाएगी।

इस पर संबंधित मंत्री ने जवाब देते हुए कहा कि उन्हें इस विषय में तत्काल जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि मामले का परीक्षण कराया जाएगा और आवश्यक होने पर जांच कराई जाएगी। ड्रग तस्करी जैसे गंभीर मुद्दे पर सदन में उठे इस सवाल के बाद विपक्ष ने सरकार को घेरने की कोशिश की।

