CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में मौसम का मिज़ाज बिगड़ा हुआ है। बंगाल की खाड़ी में बने लो प्रेशर एरिया के प्रभाव से प्रदेश में अगले दो से तीन दिनों तक कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है। इस दौरान गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की आशंका जताई जा रही है।
मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों में दोपहर के तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। इसके बाद तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होने की संभावना है। रात का तापमान अगले सात दिनों तक खास परिवर्तन नहीं दिखा रहा है।
बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है। सबसे अधिक 40 मिमी बारिश बचेली और ओरछा में रिकॉर्ड की गई। तापमान की बात करें तो जगदलपुर में अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जबकि अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 11.9 डिग्री सेल्सियस रहा।

लो प्रेशर एरिया के प्रभाव से बदल रहा मौसम
मौसम में बदलाव की मुख्य वजह बंगाल की खाड़ी में बने एक कम दबाव के क्षेत्र के साथ ऊपरी वायु प्रणालियों का सक्रिय होना है। दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी में दबाव कम होने के कारण यह सिस्टम बना है। लगभग 3 किलोमीटर ऊंचाई तक चक्रवातीन हवा का घुमाव भी दिखा है, जो अगले 24 घंटे में पूर्व दिशा की ओर बढ़ते हुए कमजोर हो सकता है। इसके कारण नमी वाली हवाएं प्रदेश तक पहुंच रही हैं।
इसके अलावा मध्य और ऊपरी स्तर की पश्चिमी हवाओं में एक ट्रफ (हवा की द्रोणिका) तथा गंगीय पश्चिम बंगाल और उत्तर तटीय ओडिशा के पास ऊपरी हवा में चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। इन प्रणालियों के संयुक्त प्रभाव से छत्तीसगढ़ में वातावरण अस्थिर है, जिससे बादल बन रहे हैं और कहीं-कहीं हल्की बारिश तथा गरज-चमक की स्थिति बन रही है।
