Raigarh Rape: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में युवती से रेप मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी सुपरवाइजर को गिरफ्तार कर लिया है। पूंजीपथरा थाना पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी पंकज गोपाल उर्फ पंकज यादव को पकड़ा। आरोपी के मोबाइल फोन से पीड़िता का आपत्तिजनक वीडियो भी बरामद किया गया है। न्यायालय में पेशी के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार आरोपी सिंघल गेट ईंटा प्लांट बंजारी में सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत था। पीड़िता ने शिकायत दर्ज कराई थी कि वर्ष 2025 में आरोपी ने उसे चाय में नशीला पदार्थ मिलाकर दुष्कर्म किया। इसके बाद वह लगातार उसे धमकाकर दबाव बनाता रहा।

शिकायत में यह भी बताया गया कि आरोपी ने पीड़िता का आपत्तिजनक वीडियो अपने मोबाइल में सुरक्षित रखा और बाद में उसे तथा उसके परिजनों को भेजकर मानसिक रूप से प्रताड़ित किया। पुलिस ने आरोपी के मोबाइल की जांच में वीडियो बरामद होने पर प्रकरण में आईटी एक्ट की संबंधित धाराएं भी जोड़ी हैं।

महिलाओं के विरुद्ध अपराधों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश के तहत पुलिस ने आरोपी को 21 फरवरी को क्षेत्र में घेराबंदी कर गिरफ्तार किया। मामले की जांच जारी है।
