CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। निम्न दाब क्षेत्र और साइक्लोनिक सर्क्युलेशन के प्रभाव से प्रदेश के मौसम में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। आने वाले दिनों में कुछ इलाकों में बारिश और गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। दो दिन बाद रात के तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट हो सकती है।

बस्तर संभाग में बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को प्रदेश के बस्तर संभाग के एक-दो स्थानों पर हल्की वर्षा हो सकती है। बादल गरजने और बिजली गिरने के भी आसार हैं। वहीं अन्य हिस्सों में मौसम आंशिक रूप से बादलों से घिरा रह सकता है।
रविवार को प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहा। सर्वाधिक अधिकतम तापमान राजनांदगांव में 35 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इस दौरान कहीं भी वर्षा दर्ज नहीं हुई।

क्या कहता है मौसम विभाग
मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा के अनुसार दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक चिन्हित निम्न दाब का क्षेत्र बना हुआ है। इसके साथ ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण लगभग 5.8 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। यह तंत्र पश्चिम-उत्तर पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए अगले 48 घंटे में फिर उत्तर-पूर्व दिशा की ओर मुड़ सकता है।
इसके साथ ही एक द्रोणिका दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी से दक्षिण मध्य महाराष्ट्र तक 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक फैली हुई है। इन प्रणालियों के प्रभाव से 23 फरवरी को प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश की संभावना है।
मौसम विभाग ने बताया कि अधिकतम तापमान में विशेष परिवर्तन की संभावना नहीं है, लेकिन 24 फरवरी से न्यूनतम तापमान में गिरावट का दौर शुरू हो सकता है। तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक कमी दर्ज की जा सकती है।
रायपुर में कैसा रहेगा मौसम
राजधानी रायपुर में सोमवार को आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
