CGBSE Board Exam: छत्तीसगढ़ में आज से छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (CGBSE) की 12वीं बोर्ड परीक्षा शुरू हो गई है। प्रदेशभर में परीक्षा को लेकर व्यापक तैयारियां की गई हैं। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा, पेयजल, बैठने की व्यवस्था और निगरानी के विशेष इंतजाम किए गए हैं ताकि छात्र-छात्राएं बिना तनाव के परीक्षा दे सकें। कई केंद्रों पर परीक्षार्थियों का तिलक लगाकर स्वागत भी किया गया।

2396 परीक्षा केंद्र, 2,45,859 परीक्षार्थी
इस वर्ष 12वीं बोर्ड परीक्षा के लिए प्रदेशभर में 2396 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। करीब 2,45,859 छात्रों ने पंजीयन कराया है। राजधानी रायपुर जिले में 151 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। अन्य जिलों में 135, 111 और 59 केंद्रों पर भी परीक्षा आयोजित की जा रही है।
10वीं बोर्ड परीक्षा 21 फरवरी से शुरू होगी। कई जिलों में दोनों परीक्षाओं की तैयारियां पहले ही पूरी कर ली गई हैं।

सुबह 9 बजे से परीक्षा, 18 मार्च तक चलेगी
12वीं की परीक्षा सुबह 9:00 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक आयोजित की जा रही है। पहले दिन भौतिक शास्त्र और भूगोल जैसे विषयों की परीक्षा ली गई। परीक्षा 18 मार्च तक चलेगी।
कुछ जिलों में 8574, कहीं 6922 तो कहीं 13500 से अधिक छात्र परीक्षा में शामिल हो रहे हैं। मुंगेली जिले ने इस बार 90 प्लस रिजल्ट का लक्ष्य तय किया है।
नकल रोकने सख्त इंतजाम
नकल पर रोक लगाने के लिए जिला और ब्लॉक स्तर पर उड़नदस्ता – फ्लाइंग स्क्वॉड टीमों का गठन किया गया है। कई जिलों में 6 से 7 टीमों को लगातार निरीक्षण के निर्देश दिए गए हैं। केंद्राध्यक्षों को पहले ही विशेष प्रशिक्षण दिया गया है ताकि परीक्षा निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके।
प्रशासन अलर्ट, शांत माहौल में परीक्षा
परीक्षा केंद्रों पर पुलिस और प्रशासन की नजर बनी हुई है। छात्रों से समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचने और नियमों का पालन करने की अपील की गई है। प्रदेशभर में बोर्ड परीक्षा का माहौल गंभीर लेकिन सकारात्मक नजर आ रहा है।
