Gold Silver Prices Today: लगातार तीन कारोबारी सत्रों की तेज बढ़त के बाद गुरुवार को सोना और चांदी की कीमतों में जोरदार गिरावट दर्ज की गई। मुनाफावसूली के दबाव में मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सोना करीब 1,000 रुपये प्रति 10 ग्राम तक टूट गया, जबकि चांदी में लगभग 10,000 रुपये प्रति किलो की भारी गिरावट देखने को मिली।
MCX पर सोना-चांदी के ताजा भाव
गुरुवार शाम MCX पर सोना फ्यूचर 0.63 फीसदी की गिरावट के साथ 1,42,243 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार करता दिखा। वहीं चांदी फ्यूचर 3.48 फीसदी टूटकर 2,78,000 रुपये प्रति किलो के स्तर पर आ गई। बाजार विशेषज्ञों के मुताबिक, हालिया तेज उछाल के बाद यह गिरावट स्वाभाविक मानी जा रही है।

सर्राफा बाजार में अब भी ऊंचे दाम
जहां MCX पर गिरावट देखने को मिली, वहीं स्थानीय सर्राफा बाजार में सोने-चांदी के दाम अब भी मजबूत बने हुए हैं। 16 जनवरी (शुक्रवार) को सर्राफा बाजार में भाव इस प्रकार रहे –
- 24 कैरेट सोना: 1,43,610 रुपये प्रति 10 ग्राम
- 22 कैरेट सोना: 1,31,640 रुपये प्रति 10 ग्राम
- 18 कैरेट सोना: 1,07,710 रुपये प्रति 10 ग्राम

दिल्ली सर्राफा बाजार में रिकॉर्ड तेजी
दिल्ली के सर्राफा बाजार में गुरुवार को चांदी में 3,000 रुपये की तेजी दर्ज की गई और इसका भाव 2,89,000 रुपये प्रति किलो के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया। वहीं सोना भी लगातार खरीदारी के चलते 1,47,300 रुपये प्रति 10 ग्राम के नए शिखर पर पहुंच गया। अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार, यह चांदी का अब तक का सबसे ऊंचा स्तर है।
5 दिन में 45,500 रुपये उछली चांदी
बीते पांच कारोबारी सत्रों में चांदी करीब 16 फीसदी यानी 45,500 रुपये चढ़ चुकी है। 8 जनवरी को चांदी का भाव 2,43,500 रुपये प्रति किलो था। 31 दिसंबर 2025 के रिकॉर्ड स्तर से अब तक इसमें करीब 50,000 रुपये की बढ़त हो चुकी है।
2026 में सोने की दमदार शुरुआत
सोने की कीमतों में भी साल 2026 की शुरुआत से मजबूती बनी हुई है। अब तक सोना करीब 9,600 रुपये प्रति ग्राम यानी लगभग 7 फीसदी चढ़ चुका है। लगातार पांचवें दिन की बढ़त के साथ सोना नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया है।
