Jagdalpur News: छत्तीसगढ़ के जगदलपुर स्थित मूकबधिर एवं दृष्टिहीन अड़वाल स्कूल से एक गंभीर मामला सामने आया है। यहां अध्ययनरत दृष्टिहीन और मूकबधिर छात्रों ने स्कूल के अधीक्षक पर मानसिक प्रताड़ना, मारपीट और अमानवीय व्यवहार के गंभीर आरोप लगाए हैं। छात्रों का कहना है कि उन्हें अधपका और खराब भोजन दिया जाता है, साथ ही लगातार मानसिक दबाव और डर के माहौल में रखा जाता है।
बताया जा रहा है कि छात्रों ने किसी तरह छुपकर मोबाइल फोन की व्यवस्था की और अपनी पीड़ा ‘ठीहा छत्तीसगढ़’ के सामने रखी। छात्रों का आरोप है कि जब पहले भी उन्होंने अपनी समस्या बाहर तक पहुंचाने की कोशिश की थी, तब अधीक्षक ने उनके मोबाइल छीन लिए और उनके साथ मारपीट की। साथ ही यह धमकी दी गई कि यदि अंदर की बातें बाहर गईं तो गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।
छात्रों का यह भी कहना है कि संबंधित अधीक्षक के खिलाफ पहले भी शिकायतें की जा चुकी हैं और उनका ट्रांसफर आदेश भी जारी हुआ था, लेकिन इसके बावजूद अधीक्षक ने कार्यभार नहीं छोड़ा और अब भी उसी स्कूल में पदस्थ है।
