Dhamtari News: नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत धमतरी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने इंडोर स्टेडियम के पास हेरोइन (चिट्टा) बेचते एक आरोपी को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से करीब 2 ग्राम 920 मिलीग्राम हेरोइन, एक मारुति कार, मोबाइल फोन और 39 हजार रुपए नकद जब्त किए गए हैं।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, थाना सिटी कोतवाली को मुखबिर से सूचना मिली थी कि इंडोर स्टेडियम के समीप एक व्यक्ति अवैध रूप से हेरोइन की बिक्री कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर संदिग्ध को पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके पास से हेरोइन (चिट्टा) बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 58 हजार 400 रुपए बताई जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान रवि सोनी, पिता मोतीलाल, उम्र 39 वर्ष, निवासी शीतला मंदिर के पास जोधापुर वार्ड, धमतरी के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
