CG Vidhansabha Winter Session: छत्तीसगढ़ विधानसभा के शीतकालीन सत्र में भरतपुर-सोनहत विधानसभा क्षेत्र की विधायक रेणुका सिंह ने मोबाइल नेटवर्क की गंभीर समस्या को सदन में उठाया। उन्होंने बताया कि उनका विधानसभा क्षेत्र दो जिलों- एमसीबी और कोरिया में विभाजित है, जहां आज भी सैकड़ों गांव मोबाइल नेटवर्क जैसी बुनियादी सुविधा से वंचित हैं।
![]()
विधायक रेणुका सिंह ने कहा कि उनके विधानसभा क्षेत्र में कुल 410 गांव हैं, जिनमें बड़ी संख्या में अब तक नेटवर्क नहीं पहुंच पाया है। उन्होंने जानकारी दी कि एमसीबी जिले के 93 गांव और कोरिया जिले के 32 गांव आज भी मोबाइल नेटवर्क से वंचित हैं। इससे ग्रामीणों को संचार, आपात सेवाओं और डिजिटल सुविधाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है।
उन्होंने सरकार से मांग की कि दूरस्थ और ग्रामीण इलाकों में संचार सुविधाओं के विस्तार के लिए तत्काल ठोस कदम उठाए जाएं, ताकि ग्रामीणों को डिजिटल इंडिया से जोड़ा जा सके।

मुख्यमंत्री ने सदन में जवाब देते हुए कहा कि सदस्य महोदय का विधानसभा क्षेत्र जिला कोरिया और जिला मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में आता है। दूरसंचार विभाग के अनुसार क्षेत्र में कुल 337 गांव हैं, जिनमें से 290 गांवों में नेटवर्क कवरेज उपलब्ध है। शेष 47 गांवों में से 40 गांवों के लिए स्वीकृति मिल चुकी है और वहां कार्य प्रगति पर है। साथ ही भारत सरकार को 5000 नए मोबाइल टावरों के लिए पत्र लिखा गया था, जिसके जवाब में 10 दिसंबर को 500 टावरों की स्वीकृति मिली है। इनमें बचे हुए 7 गांव भी शामिल हैं।
सरकार के इस जवाब के बाद उम्मीद जताई जा रही है कि आने वाले समय में भरतपुर-सोनहत क्षेत्र के शेष गांवों में भी मोबाइल नेटवर्क की सुविधा पहुंच सकेगी।
