Dhamtari Fake IT Raid: धमतरी में पैथोलॉजी डॉक्टर के घर नकली IT रेड, कार सवार 7 लोगों ने दी दबिश, घंटों चली तलाशी

Dhamtari Fake IT Raid

Dhamtari Fake IT Raid: छत्तीसगढ़ के धमतरी में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां पैथोलॉजी डॉक्टर के घर पर कथित आयकर विभाग (IT) की एक फर्जी टीम ने छापा मारा। टीम ने खुद को IT अधिकारी बताते हुए कई घंटों तक घर की तलाशी ली और फिर बिना कुछ लिए वापस लौट गई। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है, जिसका CCTV फुटेज भी सामने आया है।

जानकारी के अनुसार, डॉक्टर दिलीप राठौर जो पैथोलॉजी लैब संचालित करते हैं, उनके घर सोमवार सुबह करीब 11 बजे सात लोगों की टीम पहुंची। ये सभी लोग राजनांदगांव पासिंग वाली स्विफ्ट कार में आए थे। टीम ने घर में मौजूद लोगों के मोबाइल बंद करवाए और कमरों, कपड़ों, अलमारियों, गद्दों व तिजोरियों की गहन तलाशी ली। परिवार के सदस्यों से सोने-चांदी और कैश भी निकलवाया गया।

 

पूछताछ पर टीम ने एक आईडी कार्ड दिखाया जिस पर ‘इनकम टैक्स’ लिखा हुआ था। तलाशी के बाद टीम ने कहा कि वे एक-दो घंटे में वापस आएंगे, लेकिन बाद में पता चला कि आयकर विभाग की ओर से ऐसी कोई कार्रवाई नहीं की गई थी। इसके बाद डॉक्टर ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही एसपी और सीएसपी मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार से पूछताछ की। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालते हुए वाहन और संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी है। आयकर विभाग को भी मामले की जानकारी दे दी गई है।

डॉ. दिलीप राठौर की पत्नी डॉ. भावना राठौर ने बताया कि टीम ने बिना किसी औपचारिक नोटिस या कागजी कार्रवाई के घर की तलाशी ली। उन्होंने बताया कि जब सीए से संपर्क किया गया तो उन्होंने ऐसी किसी IT कार्रवाई की पुष्टि नहीं की। परिवार का कहना है कि यह टीम पूरी तरह फर्जी हो सकती है।

सीएसपी अभिषेक चतुर्वेदी ने बताया कि मामले की जांच जारी है और रेड मारने वाली संबंधित एजेंसियों से संपर्क किया जा रहा है। पुष्टि मिलते ही सभी आवश्यक पत्राचार किया जाएगा। पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *