Korba News: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से गुरु-शिष्य के पवित्र रिश्ते को कलंकित करने वाला मामला सामने आया है। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के एक निजी स्कूल में पढ़ाने वाले विवाहित शिक्षक ने ट्यूशन के बहाने 13 वर्षीय छात्रा से छेड़छाड़ की। पीड़िता के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने पॉक्सो एक्ट और यौन शोषण संबंधी धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।

विवाहित शिक्षक दो बच्चों का पिता
जानकारी के अनुसार आरोपी शिक्षक शादीशुदा और दो बच्चों का पिता है। वारदात के बाद से ही वह फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है। इस घटना के बाद इलाके में लोगों में गुस्सा है, जबकि पीड़िता मानसिक सदमे में है।

पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
कोरबा सीएसपी भूषण एक्का ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपी की तलाश जारी है। उन्होंने कहा कि बहुत जल्द आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बढ़ते जा रहे हैं ऐसे शर्मनाक मामले
गौरतलब है कि पिछले कुछ वर्षों में छत्तीसगढ़ में गुरु-शिष्य संबंध को कलंकित करने वाले मामले लगातार सामने आ रहे हैं। यह घटना फिर एक बार शिक्षक-छात्रा के भरोसे को तोड़ने वाली साबित हुई है। पुलिस ने अपील की है कि यदि किसी को आरोपी के बारे में जानकारी हो तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।
