Jagdalpur News: बस्तर जिले में सरकारी राशन वितरण व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाली बड़ी लापरवाही सामने आई है। यहां गरीबों के लिए भेजा गया सरकारी चावल फफूंद लगा हुआ पाया गया, जिसे PDS दुकानों में वितरण के लिए भेज दिया गया था। शिकायत के बाद विभाग हरकत में आया और तत्काल खराब चावल की खेप को दुकानों से वापस मंगवाया गया।

10 दुकानों में पहुंचा खराब चावल
जानकारी के मुताबिक, जिले की करीब 10 पीडीएस दुकानों में फफूंद लगा चावल पहुंच गया था। दुकानदारों ने चावल की गुणवत्ता पर आपत्ति जताते हुए खाद्य विभाग को शिकायत की। इसके बाद अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच की और नागरिक आपूर्ति निगम (NAN) को इसकी सूचना दी।

नागरिक आपूर्ति निगम ने मानी गलती
नागरिक आपूर्ति निगम के अधिकारियों ने स्वीकार किया कि चावल में फफूंद लगी थी। प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि गोदामों में रखरखाव की कमी के कारण चावल खराब हुआ। हालांकि निगम ने इसे “मामूली फफूंद” बताते हुए मामले को शांत करने की कोशिश की, लेकिन सवाल यह उठता है कि बिना जांच के लगभग 500 क्विंटल चावल दुकानों तक कैसे पहुंच गया।

खाद्य विभाग का कहना है कि पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है और दोषी पाए जाने पर जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की जाएगी।
