CG Ration Shop Closed: छत्तीसगढ़ में शासकीय उचित मूल्य दुकान संचालक विक्रेता कल्याण संघ ने अपनी छह सूत्रीय मांगों को लेकर राज्य सरकार के खिलाफ बड़ा आंदोलन शुरू कर दिया है। संघ के पदाधिकारी और सदस्य चरामा से रायपुर तक 125 किलोमीटर की पदयात्रा पर निकले हैं। इस दौरान प्रदेशभर में राशन दुकानें बंद रखी गई हैं। आंदोलनकारियों का कहना है कि वे मुख्यमंत्री से मिलकर अपनी मांगों का ज्ञापन सौंपेंगे।

संघ की पदयात्रा इस समय धमतरी पहुंची है जहां बड़ी संख्या में संचालक इस आंदोलन में शामिल हुए हैं। संगठन का कहना है कि लंबे समय से शासन द्वारा उनकी समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है, जिसके चलते अब उन्हें सड़कों पर उतरना पड़ा है। संचालकों की प्रमुख मांगें इस प्रकार हैं कि राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत मिलने वाले 90 प्रति क्विंटल और छत्तीसगढ़ खाद्य सुरक्षा योजना के तहत मिलने वाले 30 प्रति क्विंटल कमीशन को बढ़ाकर 300 प्रति क्विंटल किया जाए। सेवा सहकारी समितियों के माध्यम से संचालित राशन दुकानों के विक्रेताओं को 30,000 मासिक मानदेय दिया जाए।
मध्यान्ह भोजन, पूरक पोषण आहार, छात्रावास, अमृत नमक, मूंग, चना, शक्कर जैसी आवश्यक वस्तुओं के वितरण पर 300 प्रति क्विंटल कमीशन की वृद्धि की जाए। हैंडलिंग लॉस और झड़प प्रतिपूर्ति के लिए अतिरिक्त खाद्यान्न का प्रावधान किया जाए। इन कुल छह सूत्रीय मांगों के समर्थन में यह पदयात्रा निकाली गई है। अब देखना होगा कि क्या सरकार पीडीएस संचालकों की इन मांगों पर गंभीरता दिखाती है या फिर यह आंदोलन प्रदेश में और उग्र रूप लेगा।
