CG ED Raid : रेलवे कांट्रेक्टर और होटल सागर इंटरनेशनल के मालिक के ठिकानों पर ED की रेड, 3 इनोवा में पहुंची टीम

Raipur-Durg : छत्तीसगढ़ में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की कार्रवाई एक बार फिर सुर्खियों में है। जानकारी मिली है कि दुर्ग स्थित होटल सागर इंटरनेशनल के मालिक और रेलवे के बड़े कांट्रेक्टर के दीपक नगर स्थित आवास पर शुक्रवार सुबह ईडी की टीम ने छापा मारा है।

ईडी की यह कार्रवाई सुबह करीब 6 बजे तीन इनोवा गाड़ियों में पहुंची टीम ने की, जिसमें सीआरपीएफ के जवान भी शामिल थे। यह दबिश रेलवे संबंधित कार्यों और मिड डे मील योजना से जुड़े पुराने मामलों से जुड़ी मानी जा रही है।

कई कंपनियों का करते थे संचालन

बताया जा रहा है कि यह कारोबारी समूह अलग-अलग नामों से कई कंपनियों का संचालन करता है। पिछली सरकार के कार्यकाल में इस ग्रुप ने छत्तीसगढ़ में मिड डे मील योजना का बड़ा ठेका हासिल किया था।

रेल नीर घोटाले से भी जुड़ा है नाम

इस परिवार का नाम पहले भी चर्चित रेल नीर घोटाले में सामने आ चुका है। सूत्रों के अनुसार, इस परिवार के कुछ सदस्यों पर गंभीर आर्थिक अनियमितताओं के आरोप लगे थे।

इस परिवार में तीन भाई हैं, जिनका आपसी कारोबार बंट चुका है। हालांकि, ईडी की प्रारंभिक कार्रवाई में अभी यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि छापेमारी किस भाई के ठिकानों पर की गई है या फिर तीनों को जांच के दायरे में लिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *