Raipur Breaking : CCTV में कैद हुआ पंडरी के कपड़ा शोरूम में चोरी करने वाला चोर; गल्ले से किया 30 लाख रूपये पार, फिर ऐसे हुआ छत से फरार…

Raipur Pandri Kapda Market : राजधानी रायपुर के व्यस्ततम इलाकों में से एक पंडरी में स्थित कपड़ा शोरूम श्री शिवम् में एक सनसनीखेज चोरी की वारदात सामने आई है। चोर ने फिल्मी अंदाज में पूरी योजना बनाकर इस घटना को अंजाम दिया और 30 लाख रुपये कैश लेकर फरार हो गया। हैरान करने वाली बात यह है कि इस पूरी वारदात की भनक शोरूम के गार्ड को तक नहीं लगी। चोरी की पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिससे पुलिस को अब अहम सुराग मिलने की उम्मीद है।

 

ऐसे किया चोरी…

 

घटना सोमवार और मंगलवार की दरमियानी रात की है, जब एक चोर दुकान बंद होने से आधा घंटा पहले करीब रात 10:30 बजे बुर्का पहनकर शोरूम में घुसा, और कपड़े देखने के बहाने चौथी मंजिल के वॉशरूम में छिप गया। जब दुकान बंद हो गई और सभी कर्मचारी चले गए, तब देर रात वह बाहर निकला, सीधे कैश काउंटर पर पहुंचा और गल्ले का लॉक तोड़कर 30 लाख रुपये निकाल लिए। इसके बाद उसने छत से रस्सी के सहारे नीचे उतरकर भागने में कामयाबी हासिल कर ली।

 

बैंक बंद होने का उठाया फायदा

 

गौरतलब है कि इस चोरी की वारदात को तीन दिन की बैंक बंदी का फायदा उठाकर अंजाम दिया गया। शनिवार, रविवार और सोमवार को बैंकों की छुट्टी थी, इसलिए गल्ले में भारी मात्रा में कैश जमा था।

 

स्टाफ की मिलीभगत का शक

 

सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा है कि चोर ने ईयरफोन लगाए रखे, जिससे पुलिस को शक है कि वह ऐसे किसी शख्स से से लगातार निर्देश ले रहा था जिसे शोरूम की व्यवस्था की पूरी जानकारी थी। उसे पता था कि कब स्टाफ काम समेटता है, कब लाइट बंद होती है और कब गार्ड तैनात होता है। इसके अलावा रस्सी के सहारे चार मंजिला इमारत से उतरना आसान नहीं, जिससे पुलिस को लगता है कि चोर या तो पेशेवर था या उसने पहले से इसकी प्रैक्टिस कर रखी थी।

 

बहरहाल, पुलिस ने शक के आधार पर एक कर्मचारी को हिरासत में लिया गया है जिससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि कहीं यह पूर्व कर्मचारी तो नहीं था, जिसे शोरूम की पूरी जानकारी थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *