रायपुर की लुटेरी दुल्हन और मां गिरफ्तार: 10 साल में की 5 शादियां, झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर करती रही ब्लैकमेलिंग

Raipur Luteri Dulha : राजधानी रायपुर में पुलिस ने लुटेरी दुल्हन पूजा देवांगन (pooja dewangan) और उसकी मां गायत्री देवांगन (gayatri dewangan) को गिरफ्तार कर लिया है। पूजा ने बिना तलाक लिए पिछले 10 वर्षों में 5 शादियां कीं और अपने पतियों के साथ धोखाधड़ी करती रही। शादी के बाद वह अपने ससुरालवालों के गहने चुराकर अपनी मां को दे देती थी और फिर झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी देकर ब्लैकमेलिंग करती थी। पूरा मामला मुजगहन थाना क्षेत्र का है।

 

कैसे खुला राज?

बोरियाकला निवासी डाकेश्वर देवांगन ने आरंग निवासी पूजा देवांगन उर्फ गीतांजली और उसकी मां गायत्री देवांगन के खिलाफ प्रथम श्रेणी न्यायिक मजिस्ट्रेट आकांक्षा बेक की कोर्ट में परिवाद दायर किया था। डाकेश्वर ने बताया कि उसने पूजा से शादी की थी, लेकिन उसकी पत्नी ज्यादातर अपने मायके में ही रहती थी। पत्नी के संदिग्ध व्यवहार को लेकर संदेह होने पर उसने उसके बारे में जानकारी एकत्रित करनी शुरू की।

 

इसी दौरान डाकेश्वर की मुलाकात पुरुषोत्तम देवांगन से हुई, जिसने बताया कि उसने भी 15 जनवरी 2016 को पूजा से संजयनगर टिकरापारा के आर्य समाज मंदिर में शादी की थी। पुरुषोत्तम ने इस शादी का प्रमाण मैरिज सर्टिफिकेट के रूप में दिखाया। इसके बाद खुलासा हुआ कि पूजा ने इसी तरह पांच अलग-अलग व्यक्तियों से शादी की है और किसी को भी तलाक नहीं दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने मां-बेटी के खिलाफ ठगी और ब्लैकमेलिंग का मामला दर्ज किया।

 

बैंक लॉकर से गहने चुराए और ब्लैकमेलिंग का खेल

शादी के बाद डाकेश्वर ने अपने परिवार के सोने के गहने बैंक के लॉकर में सुरक्षित रख दिए थे। लेकिन मौका मिलते ही पूजा ने लॉकर से गहने निकालकर अपनी मां गायत्री को दे दिए। इसके बाद वह डाकेश्वर से पैसों की मांग करने लगी और पैसे नहीं देने पर झूठे केस में फंसाने की धमकी देने लगी।

 

डाकेश्वर के अनुसार, पूजा ने जिन अन्य लोगों से शादी की थी, उन्हें भी इसी तरह अपनी मां के साथ मिलकर ब्लैकमेल कर उगाही करती थी। पुलिस जांच में सामने आया कि यह दोनों मां-बेटी लंबे समय से इस ठगी के खेल में सक्रिय थीं।

 

पुलिस जांच जारी

फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और अन्य पीड़ितों से भी संपर्क किया जा रहा है। संभावना है कि इस मामले में और भी कई पीड़ित सामने आ सकते हैं। पुलिस ने पूजा और उसकी मां को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है और आगे की कार्रवाई जारी है।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *