Raigarh Murder : छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में हत्या का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। घरघोड़ा थाना क्षेत्र के बरपाली गांव की बस्ती से दूर डीपा पारा में एक युवक की खून से लथपथ लाश मिली, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
चेहरे और सिर पर मिले गंभीर चोट के निशान
मृतक की पहचान बलराम सारथी (30), निवासी ग्राम गाला, थाना पत्थलगांव के रूप में हुई है। उसकी लाश पंचराम राठिया के घर की परछी में पड़ी मिली। मृतक के चेहरे और सिर में गंभीर चोट के निशान पाए गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए हत्या की धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया है।
प्रेम विवाह के बाद रह रहा था ससुराल में
गांववालों के अनुसार, बलराम ने करीब 4-5 साल पहले घरघोड़ा के बरपाली निवासी एक युवती से प्रेम विवाह किया था। फिलहाल उनके तीन बच्चे हैं। बताया जा रहा है कि मृतक एक सप्ताह पहले ही अपने ससुराल आकर वहीं रह रहा था।

संदेहियों से पूछताछ जारी
जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पहले बलराम का अपने ससुराल पक्ष से विवाद भी हुआ था। कल दोपहर करीब दो बजे उसकी लाश मिलने के बाद पुलिस के साथ-साथ फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने इस मामले में कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही हत्या की वजह और आरोपियों की पहचान साफ हो पाएगी।
