CG News: Raipur: रायपुर-जगदलपुर मार्ग पर राष्ट्रीय राजमार्ग-30 के अंतर्गत केशकाल घाट पर ट्रैफिक जाम (Keshkal Ghat Traffic Jam) से निजात दिलाने के लिए जल्द ही 307 करोड़ रुपए की लागत से 11.38 किमी लंबे केशकाल फोरलेन (Keshkal Four Lane) बायपास का निर्माण किया जाएगा। केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी की मंजूरी के बाद लोक निर्माण विभाग ने निर्माण की तैयारियां तेज कर दी हैं।
निर्माण के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया जारी है और वन विभाग द्वारा पेड़ों की कटाई का कार्य किया जा रहा है। लोक निर्माण विभाग के अनुसार प्रस्तावित केशकाल बायपास (Keshkal Bypass) मार्ग में से 6.10 किमी हिस्सा पहाड़ी क्षेत्र और 5.28 किमी हिस्सा समतल क्षेत्र से गुजरेगा।

प्रस्तावित केशकाल बायपास मार्ग में दो वृहद पुल (वायाडक्ट), 3 लघु पुल, 15 छोटी पुलिया, 2 मेजर जंक्शन, मार्ग की पूरी लंबाई में डिवाइडर व घाट में साइड ड्रेनेज का निर्माण किया जाएगा।
वर्तमान में केशकाल घाट (Keshkal Road Project) में 10 खतरनाक मोड़ हैं और औसत चौड़ाई केवल 7 से 9 मीटर है। प्रतिदिन यहां करीब 11 हजार वाहन गुजरते हैं। कम चौड़ाई और खतरनाक मोड़ों के कारण जाम लगने के साथ यात्रा में अधिक समय लगता है।
प्रस्तावित 4-लेन बायपास के बन जाने से घाट में जाम से राहत, वाहनों की गति में वृद्धि, समय की बचत और सुरक्षित यातायात की सुविधा मिलेगी।
