Bilaspur News: प्रदेश में बीते चार दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश ने सड़कों की बदहाली को और उजागर कर दिया है। जगह-जगह जलभराव और गड्ढों में तब्दील सड़कों को लेकर लोगों का गुस्सा अब खुलकर सामने आने लगा है। इसी सिलसिले में बिलासपुर जिले के तखतपुर नगर में स्थानीय लोगों ने केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू के काफिले को बीच सड़क में रोक दिया और जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।
मंत्री तोखन साहू एक स्थानीय कार्यक्रम में शामिल होकर वापस मुंगेली लौट रहे थे, तभी मनियारी नदी पुल के पास बड़ी संख्या में युवाओं ने काफिला रोक लिया। प्रदर्शनकारियों ने सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर सड़क पर ही धरना दे दिया और जनप्रतिनिधियों पर उपेक्षा का आरोप लगाते हुए जमकर नारेबाजी की।

इस दौरान करीब 20 मिनट तक केंद्रीय मंत्री का काफिला थमा रहा, जिसके बाद प्रशासन की समझाइश और वैकल्पिक मार्ग तलाशने के बाद काफिला अन्य रास्ते से रवाना हुआ। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें प्रदर्शनकारियों की नाराजगी साफ देखी जा सकती है।
सड़क की दुर्दशा बनी जनआक्रोश का कारण
तखतपुर के बेलसरी मोड़ से लेकर मनियारी नदी बरेला तक की सड़कें बेहद खराब हालत में हैं। लगातार हादसों और आवागमन में दिक्कतों के बावजूद अब तक इन सड़कों की मरम्मत नहीं की गई है। स्थानीय युवाओं ने खराब सड़कों को लेकर अब जनआंदोलन का बिगुल फूंक दिया है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि कई बार शिकायतें और आवेदन देने के बावजूद अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई। “जनप्रतिनिधि सिर्फ चुनाव के समय आते हैं, उसके बाद जनता की परेशानियों की सुध नहीं लेते”, एक प्रदर्शनकारी ने नाराजगी जताते हुए कहा।
