CG Balod News: सोशल मीडिया की लोकप्रियता की होड़ में कई बार लोग ऐसे कदम उठा लेते हैं जो बाद में उनके लिए भारी पड़ जाते हैं। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले से एक ऐसा ही चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां बटालियन में पदस्थ डीएसपी तस्लीम आरिफ की पत्नी का वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें वह नीली बत्ती लगी सरकारी गाड़ी के बोनट पर बैठकर जन्मदिन मनाती नजर आ रही हैं।
बता दें, कि सरकारी गाड़ी के बोनट पर केक काटा जा रहा है, फोटो और वीडियो शूट हो रहे हैं। वीडियो सोशल वायरल होते ही, विवाद खड़ा हो गया और लोगों में आक्रोश देखा गया।
कुछ और भी वीडियो आए सामने
वायरल वीडियो के बाद कुछ और वीडियो सामने आए हैं जिनमें डीएसपी की पत्नी और अन्य पारिवारिक सदस्य उसी सरकारी गाड़ी में बैठकर वाटरफॉल और पर्यटन स्थलों की सैर करते नजर आ रहे हैं। खास बात यह है कि सभी वीडियो में गाड़ी पर नीली बत्ती साफ नजर आती है।
वरिष्ठ अधिवक्ता का बयान: “नियमों का स्पष्ट उल्लंघन”
वरिष्ठ अधिवक्ता बृजेश पांडे ने कहा, “सरकारी वाहन केवल सरकारी कार्यों के लिए होते हैं। इस प्रकार निजी उपयोग, वह भी नीली बत्ती के साथ, नियमों का घोर उल्लंघन है।”
उन्होंने आगे कहा, “अगर वीडियो की पुष्टि होती है तो प्रशासनिक जांच और अनुशासनात्मक कार्रवाई संभव है।”
DSP ने कहा: “मुझे नहीं थी जानकारी”
इस बारे में जब डीएसपी तस्लीम आरिफ से संपर्क किया गया तो उन्होंने कहा- “मुझे इस वीडियो की कोई जानकारी नहीं थी। गाड़ी मेरे नाम पर है और मैं इसे घरेलू उपयोग में भी लाता हूं। अगर किसी ने इस पर वीडियो बनाकर सोशल मीडिया में डाला है तो वह गलत है। मैं तुरंत उसे हटवाने की प्रक्रिया करूंगा।”
नीली बत्ती के उपयोग के नियम
भारत सरकार के नियमों और सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के मुताबिक, नीली बत्ती का उपयोग केवल विशेष श्रेणी के अधिकारी जैसे पुलिस, आपातकालीन सेवा, फायर ब्रिगेड, एंबुलेंस आदि को ही अनुमति है। इसका दुरुपयोग न केवल अधिकारों का उल्लंघन है, बल्कि आम जनता के लिए सुरक्षा और सुविधा में बाधा उत्पन्न करता है।
