CG Kanker Bhanupratappur News: छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के भानुप्रतापपुर में स्वास्थ्य कर्मी की लापरवाही के कारण तीन माह की मासूम बच्ची की मौत हो गई। घटना नेहरूनगर की है, जहां परिजनों ने बच्ची को नियमित टीकाकरण के लिए आंगनबाड़ी केंद्र में ले जाया था। परिजनों का आरोप है कि नर्स ने लापरवाही बरतते हुए तीन माह के टीके के साथ-साथ नौ माह में लगने वाला टीका भी मासूम को लगा दिया। इस गलती के कारण बच्ची की तबीयत बिगड़ गई और अंततः उसकी मौत हो गई।

कैसे हुई घटना?
परिजनों के अनुसार, बच्ची को निर्धारित तीन महीने का टीका लगाया गया, लेकिन नर्स की गलती से नौ महीने में दिया जाने वाला टीका भी उसे लगा दिया गया। जब परिजनों ने इस पर सवाल उठाया, तो नर्स ने उन्हें आश्वस्त किया कि “कुछ नहीं होगा।” टीकाकरण के बाद बच्ची की तबीयत बिगड़ने लगी, जिसके बाद परिजन उसे भानुप्रतापपुर के सरकारी अस्पताल ले गए। वहां उसे मात्र सिरप देकर घर भेज दिया गया।
बच्ची की हालत और बिगड़ने पर परिजनों ने उसे धमतरी के अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद मासूम को बचाया नहीं जा सका।
जांच शुरू, जिम्मेदारों पर होगी कार्रवाई
मासूम की मौत के बाद परिजनों ने भानुप्रतापपुर थाने और एसडीएम कार्यालय में शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
इस मामले में तहसीलदार सुरेंद्र उर्वशा ने बताया कि घटना की गहन जांच के लिए एक विशेष टीम गठित की जाएगी। दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न दोहराई जाएं।
