CG News: अंबिकापुर में खुले में सोए एक युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। आशंका जताई जा रही है कि ठंड लगने से उसकी मौत हुई है। युवक गांधी स्टेडियम के सामने जन औषधि केंद्र के बाहर सोया हुआ था। सुबह लोगों ने उसका शव देखा, जिसके बाद इसकी सूचना पुलिस को दी गई।
बताया जा रहा है कि युवक ने ठंड से बचने के लिए गर्म कपड़े भी नहीं पहने थे। उसका शरीर अकड़ा हुआ मिला। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
अकवान तूफान का असर खत्म होते ही लौटी ठंड
चक्रवाती तूफान अकवान का असर खत्म होने के बाद उत्तर छत्तीसगढ़ में ठंड ने फिर दस्तक दे दी है। मौसम विभाग के अनुसार, पिछले तीन दिनों में अंबिकापुर का न्यूनतम तापमान 7.8 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया है। वहीं पेंड्रारोड में 5 डिग्री और बिलासपुर में 3.5 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है।
इसके विपरीत दक्षिण छत्तीसगढ़ में रात के तापमान में बढ़ोतरी हुई है। जगदलपुर में पिछले तीन दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में 4.2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई है। अब अंबिकापुर और जगदलपुर के रात के तापमान में 8.7 डिग्री सेल्सियस का अंतर दर्ज किया गया है।
अंबिकापुर में 11.4 डिग्री पहुंचा तापमान
सरगुजा संभाग में ठंड का असर लगातार बढ़ रहा है। अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 11.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले पांच दिनों तक प्रदेश के न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है।
इस दौरान प्रदेश में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। बारिश को लेकर फिलहाल कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है।
रायपुर में रात का तापमान सामान्य से 3 डिग्री ज्यादा
राजधानी रायपुर में बुधवार को अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 18.9 डिग्री सेल्सियस रहा। रात का तापमान सामान्य से करीब 3 डिग्री अधिक बना हुआ है।
वहीं, दिन का तापमान सामान्य से 0.1 डिग्री कम दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, राजधानी में फिलहाल दिन की तुलना में रात का तापमान सामान्य से ज्यादा बना हुआ है।


