CG Elephant Video: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में हाथियों के झुंड को जंगल की ओर खदेड़ने पहुंचे ग्रामीणों पर एक हाथी ने हमला कर दिया। गुस्साए हाथी ने ग्रामीणों के ट्रैक्टर को सूंड से उठाकर पटक दिया और पैरों से कुचलकर क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
मामला कुदमुरा वन परिक्षेत्र के जिल्गा गांव का है। सोमवार सुबह ग्रामीण ट्रैक्टर की आवाज के जरिए हाथियों को जंगल की ओर भगाने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान झाड़ियों से अचानक एक हाथी बाहर निकला और ट्रैक्टर की तरफ दौड़ पड़ा। हाथी को अपनी ओर आता देख ग्रामीण ट्रैक्टर छोड़कर भाग गए और अपनी जान बचाई।
धरमजयगढ़ की सीमा पार कर पहुंचा था हाथियों का झुंड
जानकारी के मुताबिक, धरमजयगढ़ क्षेत्र की सीमा पार कर 11 हाथियों का झुंड जिल्गा गांव के जंगल में पहुंचा था। हाथियों के आबादी वाले क्षेत्र में आने से ग्रामीणों को धान की फसल को नुकसान होने की चिंता थी। इसी वजह से कुछ ग्रामीण हाथियों को वापस जंगल की ओर भेजने की कोशिश कर रहे थे।
ट्रैक्टर की आवाज सुनकर झाड़ियों से निकला हाथी
ग्रामीण सुखनंदन सिंह राठिया के ट्रैक्टर में सवार होकर जंगल पहुंचे थे। वे ट्रैक्टर की आवाज से हाथियों को दूर भगाने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान झाड़ियों में छिपा एक हाथी अचानक बाहर निकला और ट्रैक्टर की ओर बढ़ने लगा।
हाथी को देखकर ट्रैक्टर में बैठे ग्रामीण तुरंत नीचे उतरे और भाग गए। इसके बाद हाथी ने ट्रैक्टर को अपनी सूंड से उठाकर पटक दिया और पैरों से कुचल दिया। इससे ट्रैक्टर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
दूसरे ट्रैक्टर से क्षतिग्रस्त वाहन को लाया गया गांव
घटना के बाद ग्रामीणों ने गांव पहुंचकर ट्रैक्टर मालिक को इसकी जानकारी दी। इसके बाद दूसरे ट्रैक्टर की मदद से क्षतिग्रस्त वाहन को खींचकर गांव लाया गया। इस दौरान कुछ ग्रामीणों ने घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहा है।
वीडियो सामने आने के बाद वन विभाग की टीम ने जिल्गा जंगल पहुंचकर हाथियों की गतिविधियों की जानकारी ली। विभाग के अनुसार जिल्गा के अलावा कुदमुरा जंगल में भी एक हाथी मौजूद है, जबकि करतला वन क्षेत्र में 6 हाथियों का झुंड विचरण कर रहा है।
वन विभाग की टीम लगातार हाथियों की निगरानी कर रही है। ग्रामीणों को मुनादी के माध्यम से जंगल में नहीं जाने और हाथियों को खुद भगाने की कोशिश नहीं करने की सलाह दी गई है।

