CG Murder: दंतेवाड़ा जिले के बचेली थाना क्षेत्र में जादू-टोने के संदेह में एक ग्रामीण की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर हत्या में इस्तेमाल लोहे का बंडा और लकड़ी का पीढ़ा बरामद किया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
जादू-टोने के शक में युवक का मर्डर
पुलिस के अनुसार, बचेली थाना क्षेत्र के ग्राम दुगेली के धुरवापारा निवासी आयतु राम कर्मा (42) की 21 नवंबर की रात हत्या कर दी गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी लच्छू कर्मा (42) और मुद्दा कर्मा (30) को संदेह था कि आयतु राम जादू-टोना करता है। इसी शक के चलते दोनों ने उस पर लोहे के धारदार बंडे और लकड़ी के पीढ़े से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में उसके चेहरे, सीने और पीठ पर गंभीर चोटें आईं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद दोनों आरोपी फरार हो गए थे।
घटना की सूचना मिलने पर बचेली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया। जांच के दौरान ग्रामीणों और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ में लच्छू कर्मा और मुद्दा कर्मा पर संदेह जताया गया। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने हत्या करना स्वीकार कर लिया। उनकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल लोहे का बंडा और घटनास्थल से लकड़ी का पीढ़ा बरामद किया गया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद 23 नवंबर को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेएमएफसी न्यायालय, बचेली में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

