Raipur News: बैन के बावजूद रायपुर में बिक रही पाकिस्तानी गोरी क्रीम, चेहरा गोरा करने आप भी लगाते हैं जहर, तो हो जाएं सावधान

Goree Cream

Raipur News: रायपुर के गोल बाजार क्षेत्र में प्रतिबंधित पाकिस्तानी गोरी क्रीम की बिक्री की सूचना पर ड्रग विभाग की टीम ने कॉस्मेटिक दुकानों पर छापेमारी की। टीम ने ओम ब्यूटी और तमन्ना कॉस्मेटिक शॉप में जांच की। ओम ब्यूटी में जांच के दौरान प्रतिबंधित पाकिस्तानी क्रीम मिलने की जानकारी सामने आई है। वहीं, तमन्ना कॉस्मेटिक शॉप में जांच की कार्रवाई जारी है।

बताया जा रहा है कि केंद्र सरकार द्वारा पाकिस्तानी उत्पादों के आयात पर प्रतिबंध लगाए जाने के बावजूद यह क्रीम बाजार में बेची जा रही थी। दुकानदार ग्राहकों को चेहरे का रंग निखारने का दावा कर इसे बेच रहे थे।

800 रुपए के क्रीम को 300 में देने का दावा

जांच के दौरान सामने आया कि कुछ दुकानदार इस क्रीम को ग्राहकों को सस्ते दामों पर उपलब्ध कराने की बात कह रहे थे। ग्राहकों के रूप में की गई पड़ताल में एक दुकानदार ने दावा किया कि ऑनलाइन इसकी कीमत करीब 800 रुपए है, लेकिन वह इसे 300 रुपए में दे सकता है।

बैन के बाद भी बाजार तक पहुंचने की जांच

पाकिस्तान निर्मित इस क्रीम की बिक्री को लेकर अब सवाल उठ रहे हैं कि प्रतिबंध के बावजूद यह रायपुर के बाजारों तक कैसे पहुंची। ड्रग विभाग की टीम इस बात की जांच कर रही है कि क्रीम की सप्लाई कहां से हुई और इसे किन माध्यमों से दुकानों तक पहुंचाया गया।

मरकरी की मात्रा को लेकर चेतावनी

इस क्रीम को चेहरे की रंगत सुधारने के दावे के साथ बेचा जा रहा था। हालांकि, इसमें मरकरी यानी पारा होने की चेतावनी दी गई है। विशेषज्ञों के अनुसार, अधिक मात्रा में मरकरी का इस्तेमाल स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक हो सकता है और इससे किडनी व तंत्रिका तंत्र पर गंभीर असर पड़ सकता है।

ड्रग विभाग की टीम मामले में आगे की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद संबंधित दुकानदारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *