Janjatiya Gaurav Diwas: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ में 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर जनजातीय गौरव दिवस का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद नितिन नवीन और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शामिल होंगे। इस दौरान भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष, योगदान और जनजातीय समाज के अधिकारों के लिए किए गए कार्यों को याद किया जाएगा।
कार्यक्रम में जनजातीय परिवारों के लिए आवास, शिक्षा, महिला कल्याण और वन अधिकारों से जुड़ी योजनाओं की प्रगति की जानकारी भी साझा की जाएगी।
भगवान बिरसा मुंडा के योगदान को किया जाएगा याद
‘धरती आबा’ के नाम से प्रसिद्ध भगवान बिरसा मुंडा ने जनजातीय समाज के अधिकारों और स्वाभिमान की रक्षा के लिए संघर्ष किया था। केंद्र सरकार ने वर्ष 2021 में उनकी जयंती 15 नवंबर को हर साल जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया था।
धरमजयगढ़ में आयोजित कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के शहीद वीर नारायण सिंह, वीर गुंडाधुर, राजा गेंद सिंह, शहीद झाड़ा सिरहा, हिड़मा मांझी और संत गहिरा गुरु के योगदान को भी याद किया जाएगा।
7.89 लाख से अधिक जनजातीय परिवारों को मिले पक्के आवास
कार्यक्रम से जुड़े विवरण के अनुसार, छत्तीसगढ़ में महतारी वंदन योजना से 19.89 लाख से अधिक जनजातीय महिलाएं लाभान्वित हुई हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना और अन्य आवास योजनाओं के तहत 7.89 लाख से अधिक जनजातीय परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराए गए हैं।
वहीं धरती आबा अभियान से 6,691 गांवों के 11 लाख से अधिक परिवारों को लाभ मिला है। प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान के तहत 1,544 गांवों के 56,569 परिवारों को योजनाओं का लाभ पहुंचाया गया है।
शिक्षा के क्षेत्र में भी बढ़े अवसर
प्रदेश के 75 एकलव्य और 14 प्रयास आवासीय विद्यालयों में 34 हजार से अधिक विद्यार्थी अध्ययन कर रहे हैं। पिछले दो वर्षों में 90,942 विद्यार्थियों को 124.79 करोड़ रुपए की छात्रवृत्ति दी गई है।
नई दिल्ली स्थित जनजातीय युवा छात्रावास की क्षमता को 50 से बढ़ाकर 200 सीट कर दिया गया है। इसके अलावा प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना और मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना से भी बड़ी संख्या में जनजातीय महिलाओं और बेटियों को लाभ मिला है।
4.88 लाख से अधिक व्यक्तिगत वन अधिकार पत्र वितरित
छत्तीसगढ़ में जनजातीय समुदायों को अधिकार देने की दिशा में भी कई कदम उठाए गए हैं। प्रदेश में 4.88 लाख से अधिक व्यक्तिगत वन अधिकार पत्र, 46,868 सामुदायिक वन अधिकार पत्र और 4,412 सामुदायिक वन संसाधन अधिकार पत्र वितरित किए गए हैं।
जनजातीय विरासत और संस्कृति के संरक्षण के लिए नवा रायपुर में 50 करोड़ रुपए की लागत से शहीद वीर नारायण सिंह स्मारक और डिजिटल संग्रहालय विकसित किया जा रहा है।




