CG News: बाफना हाउस में रेप के बाद युवती का मर्डर ! परिजन बोले- शरीर पर चोट के निशान, प्राइवेट पार्ट में मिली रुई, CCTV जांच की मांग

CG News: छत्तीसगढ़ के जगदलपुर स्थित बाफना हाउस में 21 वर्षीय युवती की मौत के मामले में नया विवाद खड़ा हो गया है। युवती का शव फंदे से लटका मिला था, लेकिन अब परिजनों ने रेप के बाद हत्या किए जाने का आरोप लगाया है।

CG News: छत्तीसगढ़ के जगदलपुर स्थित बाफना हाउस में 21 वर्षीय युवती की मौत के मामले में नया विवाद खड़ा हो गया है। युवती का शव फंदे से लटका मिला था, लेकिन अब परिजनों ने रेप के बाद हत्या किए जाने का आरोप लगाया है।

परिवार का कहना है कि युवती की हत्या करने के बाद शव को फंदे पर लटकाया गया। युवती की चाची के मुताबिक, अंतिम संस्कार से पहले शव को नहलाते समय शरीर पर कई जगह चोट और नोचने के निशान दिखाई दिए थे।

उन्होंने आरोप लगाया कि युवती के निजी अंग के पास सूजन थी और वहां रुई भी मिली थी। इन आरोपों के बाद परिवार और स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ गई है। मंगलवार को लोगों ने युवती की तस्वीर लेकर रैली निकाली और न्याय की मांग की।

इसके बाद आक्रोशित भीड़ बाफना हाउस पहुंची, जहां बाहर रखे गमले तोड़ दिए गए। परिजनों ने बाफना हाउस में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कराने और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। घटना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र की है।

 

21 अक्टूबर से बाफना हाउस में काम कर रही थी युवती

जानकारी के मुताबिक, युवती 21 अक्टूबर से जगदलपुर के बाफना हाउस में काम करने जा रही थी। यहां कपड़े और आभूषण का कारोबार होता है। परिजनों के अनुसार, यह प्रतिष्ठान पूर्व विधायक और भाजपा नेता संतोष बाफना का है।

2 नवंबर को बाफना हाउस में युवती का शव जमीन पर पड़ा मिला था। उसके गले में चुन्नी का टूटा हुआ फंदा था और चुन्नी का एक हिस्सा लटक रहा था। घटना के बाद से ही परिजन युवती की मौत को आत्महत्या मानने से इनकार कर रहे हैं। उन्होंने मामले में हत्या की आशंका जताते हुए जांच की मांग की है।

शाम को हुई थी आखिरी बार बात

परिजनों के मुताबिक, घटना से एक दिन पहले शाम करीब 6 से 6:30 बजे युवती की परिवार वालों से फोन पर बात हुई थी। उसने कहा था कि अभी बात नहीं कर सकती, बाद में बात करेगी।

इसके बाद उससे संपर्क नहीं हो पाया। रात करीब 9:30 बजे तक जब युवती घर नहीं पहुंची तो परिजनों ने शॉप के कर्मचारियों से जानकारी ली। कर्मचारियों ने बताया कि युवती शाम करीब 6:30 बजे से गायब है और उसका मोबाइल शॉप में ही छूट गया है। इसके बाद कर्मचारी मोबाइल लेकर घर पहुंचे।

परिजन बाफना हाउस पहुंचे, लेकिन शॉप बंद मिला। अगले दिन सुबह जब वे दोबारा वहां पहुंचे तो ऊपर जाकर युवती का शव मिला।

शरीर पर चोट के निशान

युवती की चाची ने आरोप लगाया कि अंतिम संस्कार से पहले जब परिवार के लोग शव को नहला रहे थे, तब शरीर पर कई जगह चोट और नोचने के निशान दिखाई दिए।

प्राइवेट पार्ट में मिली रुई

उन्होंने दावा किया कि निजी अंग के पास सूजन थी और वहां रुई भी मिली थी। परिजनों ने आशंका जताई कि युवती के साथ गलत घटना के बाद उसकी हत्या कर शव को फंदे पर लटकाया गया। परिवार ने सीसीटीवी जांच की मांग की है। परिवार ने पुलिस से बिना किसी दबाव के जांच करने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

प्रदर्शन के दौरान हुआ हंगामा

मंगलवार को परिजनों और वार्ड के लोगों ने युवती की तस्वीर लेकर रैली निकाली। रैली बाफना हाउस पहुंची, जहां लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान आक्रोशित लोगों ने प्रतिष्ठान के बाहर रखे गमले तोड़ दिए। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला।

सिटी कोतवाली थाना प्रभारी लीलाधर राठौर ने बताया कि पुलिस को बाफना हाउस में युवती के फांसी लगाने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचने पर देखा गया कि जिस चुन्नी से फंदा बनाया गया था, वह टूट चुका था और शव जमीन पर पड़ा था। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए डिमरापाल मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *