CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में मुरासु का असर, 16 जिलों में यलो अलर्ट; 50KM की रफ्तार से चलेंगी हवाएं, रायपुर में भी बारिश

CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में चक्रवाती तूफान मुरासु का असर लगातार देखने को मिल रहा है। मंगलवार शाम राजधानी रायपुर समेत कई इलाकों में बादल छाए रहे। शाम के समय कुछ स्थानों पर तेज बारिश भी दर्ज की गई।

मौसम विभाग ने आज प्रदेश के 16 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, बारिश होने और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं एक-दो स्थानों पर भारी बारिश की भी संभावना है। दक्षिणी छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में भी मध्यम से भारी बारिश होने का अनुमान है।

कमजोर होकर अवदाब में बदला मुरासु

मौसम विभाग के मुताबिक दक्षिण तटीय आंध्र प्रदेश के ऊपर बना चक्रवाती तूफान मुरासु पिछले 6 घंटों के दौरान 7 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर-उत्तर पश्चिम दिशा की ओर आगे बढ़ा। इसके बाद यह कमजोर होकर अवदाब में बदल गया।

3 नवंबर को दोपहर करीब 2:30 बजे तूफान आंध्र प्रदेश के बापटला से लगभग 40 किलोमीटर पश्चिम-उत्तर पश्चिम में केंद्रित था। उस समय हवा की गति 80 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे रही, जबकि झोंकों के साथ हवा की रफ्तार 100 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच गई थी। मौसम विभाग ने अनुमान जताया था कि 3 नवंबर की मध्यरात्रि तक यह और कमजोर होकर अवदाब में बदल जाएगा।

रायपुर का तापमान

राजधानी रायपुर में आज दिनभर बादल छाए रहने की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।

पेण्ड्रा रोड में सबसे कम तापमान

मंगलवार को प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान रायपुर में 30.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान पेण्ड्रा रोड में 17.8 डिग्री सेल्सियस रहा।

रायपुर में न्यूनतम तापमान सामान्य से 4.5 डिग्री अधिक दर्ज किया गया। इसके अलावा बिलासपुर में अधिकतम तापमान 29.8 डिग्री और जगदलपुर में 26.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *