Amit Jogi FIR: जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (JCC-J) के प्रदेश अध्यक्ष अमित जोगी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर सोशल मीडिया पर साझा किए गए एक विवादित वीडियो के बाद मामला तूल पकड़ गया है। वीडियो को लेकर भारतीय जनता पार्टी के नेताओं ने रायपुर के सिविल लाइंस थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर अमित जोगी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
मामला उस वीडियो से जुड़ा है, जिसमें कथित वोट चोरी के मुद्दे को लेकर प्रधानमंत्री और मुख्य चुनाव आयुक्त पर व्यंग्य किया गया था। वीडियो में दोनों के मुखौटे पहने पात्रों के जरिए सांकेतिक शादी और हनीमून जैसे दृश्य दिखाए गए थे। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इसकी व्यापक आलोचना हुई।
वीडियो हटाकर माफी भी मांगी
विवाद गहराने के बाद अमित जोगी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट से वीडियो हटा दिया। उन्होंने पोस्ट जारी कर स्वीकार किया कि अपनी बात रखने का तरीका उचित नहीं था और वही संदेश किसी दूसरे माध्यम से भी दिया जा सकता था।
अमित जोगी ने कहा कि किसी के निजी संबंधों या निजी दायरे को व्यंग्य का विषय बनाना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि उनकी पोस्ट से किसी की भावनाएं आहत हुई हैं तो इसके लिए वे क्षमा चाहते हैं।
भाजपा ने 24 घंटे में कार्रवाई की मांग की
भाजपा विधायक राजेश मूणत ने कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्य चुनाव आयुक्त से जुड़े आपत्तिजनक दृश्य दिखाना गंभीर मामला है। उन्होंने कहा कि वीडियो की पटकथा लिखने वाले, निर्माण करने वाले और इसमें भूमिका निभाने वाले सभी लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई है। भाजपा ने पुलिस से 24 घंटे के भीतर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।



