JEE Main 2027: नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने JEE मेन 2027 सेशन-1 को लेकर नया नोटिस जारी किया है। इसके अनुसार, आवेदन फॉर्म भरते समय नाम, स्पेलिंग, कैटेगरी या योग्यता से जुड़ी जानकारी गलत दर्ज होने पर अभ्यर्थी दोबारा फॉर्म भर सकते हैं।
पहले ऐसी गलतियों में सुधार के लिए करेक्शन विंडो का इंतजार करना पड़ता था। फिलहाल यह सुविधा JEE मेन 2027 के पहले सेशन के लिए उपलब्ध कराई गई है।
बड़े बदलाव के लिए नया फॉर्म भरने का विकल्प
JEE मेन 2027 सेशन-1 के लिए जिन छात्रों ने आवेदन कर दिया है, उन्हें छोटी गलतियों के लिए परेशान होने की जरूरत नहीं है। आवेदन में सुधार के लिए 27 से 29 नवंबर तक करेक्शन विंडो उपलब्ध रहेगी।
वहीं, अगर आवेदन में बड़ी गलती हो गई है तो छात्र नया फॉर्म भर सकते हैं। हालांकि एक से ज्यादा आवेदन नंबर का इस्तेमाल कर परीक्षा देने या ऐसा प्रयास करने पर कार्रवाई की जा सकती है।
नया फॉर्म भरने का नोटिफिकेशन लिंक
22 नवंबर तक कर सकेंगे आवेदन
JEE मेन 2027 जनवरी सेशन के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया जारी है। छात्र आधिकारिक वेबसाइट https://nta.ac.in/ पर जाकर 22 नवंबर 2026 की रात 11:50 बजे तक आवेदन कर सकते हैं।
दोबारा आवेदन करने की सुविधा भी 22 नवंबर तक ही उपलब्ध रहेगी। परीक्षा 13 भाषाओं में आयोजित की जाएगी। इनमें हिंदी, अंग्रेजी, गुजराती, मराठी, बंगाली, असमिया, कन्नड़, मलयालम, उड़िया, पंजाबी, तमिल, तेलुगु और उर्दू शामिल हैं।
ईमेल और मोबाइल नंबर पर मिलेगी जानकारी
NTA की ओर से अभ्यर्थियों को जरूरी जानकारी उनके रजिस्टर्ड ईमेल और मोबाइल नंबर के माध्यम से भेजी जाएगी। इसलिए आवेदन करते समय छात्र को अपना या माता-पिता अथवा अभिभावक का सही ईमेल पता और मोबाइल नंबर दर्ज करना होगा।
आवेदन प्रक्रिया से जुड़ी सहायता के लिए छात्र NTA के हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क कर सकते हैं या ईमेल के माध्यम से जानकारी ले सकते हैं।
JEE मेन के लिए पात्रता
JEE मेन परीक्षा के माध्यम से देश के प्रमुख इंजीनियरिंग, आर्किटेक्चर और प्लानिंग संस्थानों जैसे NIT और IIIT में प्रवेश मिलता है।
इस परीक्षा के लिए वे छात्र आवेदन कर सकते हैं जिन्होंने फिजिक्स, केमिस्ट्री और मैथ्स विषयों के साथ 12वीं की परीक्षा पास की है या जो 2027 में 12वीं की बोर्ड परीक्षा देने वाले हैं। JEE मेन परीक्षा के लिए कोई अधिकतम उम्र सीमा निर्धारित नहीं है।

