CG Weather Update: चक्रवात अर्नब का असर अब धीरे-धीरे कम होने लगा है। तूफान का शेष हिस्सा कमजोर होकर लो प्रेशर एरिया में बदल चुका है और उत्तर-उत्तरपूर्व दिशा की ओर बढ़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे में यह और कमजोर होगा। इसके बावजूद उत्तर और पूर्वी छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में बारिश और गरज-चमक का दौर जारी रह सकता है।
प्रदेशभर में पिछले दो दिनों से हुई बारिश के कारण मौसम में ठंडक बढ़ गई है। कई जिलों में दिन के तापमान में 6 से 8 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई है। रायगढ़ में रातभर बारिश होती रही, जबकि रायपुर सहित कई इलाकों में बादल छाए रहने से दिन में भी ठंड का एहसास हुआ।
बारिश से तापमान में आई बड़ी गिरावट
बारिश और बादलों की वजह से प्रदेश के अधिकांश शहरों में अधिकतम तापमान सामान्य से काफी नीचे पहुंच गया। रायपुर का अधिकतम तापमान सामान्य से 6.9 डिग्री कम होकर 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं पेंड्रारोड में अधिकतम तापमान सामान्य से 8.4 डिग्री कम रिकॉर्ड किया गया। प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस पेंड्रारोड में दर्ज हुआ।
कई जिलों में हुई अच्छी बारिश
पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई, जबकि कुछ स्थानों पर भारी बारिश दर्ज की गई। सुकमा, कोंटा, नरहरपुर और पिथौरा में करीब 70 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा तोकापाल, दोरनापाल, बड़ेराजपुर, केशकाल, छिंदगढ़ और कांकेर में लगभग 60 मिलीमीटर बारिश हुई। वहीं कुकरेल, बलरामपुर, नगरी, बसना, राजिम, धमतरी, देवभोग, मैनपुर, प्रेमनगर, फरसगांव और बागबाहरा समेत कई इलाकों में करीब 50 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
आज कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार आज से अर्नब का प्रभाव कमजोर होने लगेगा, जिससे प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में धीरे-धीरे कमी आएगी। हालांकि उत्तरी छत्तीसगढ़ के कुछ जिलों में हल्की बारिश और गरज-चमक की संभावना बनी हुई है।
रायपुर का मौसम
राजधानी रायपुर में आज दिनभर बादल छाए रहने के साथ कुछ स्थानों पर हल्की बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।


