Raipur Accident: राजधानी रायपुर के वीआईपी तिराहे पर रविवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में मोपेड सवार मां और बेटी की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों कराटे क्लास से घर लौट रही थीं, तभी पीछे से आए बेकाबू कंटेनर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने कंटेनर जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
कंटेनर के पहिये नीचे दबे मां-बेटी
जानकारी के अनुसार, टेमरी निवासी गंगा साहू (35) अपनी 9 वर्षीय बेटी रितिका को कराटे क्लास से लेकर मोपेड से घर लौट रही थीं। रविवार सुबह करीब 10 बजे वीआईपी तिराहे के पास पीछे से आए कंटेनर ने उनकी मोपेड को टक्कर मार दी। दोनों कंटेनर के पहियों के नीचे आ गईं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
मां-बेटी की दर्दनाक मौत
पुलिस के अनुसार, गंगा साहू की शादी करीब 14 वर्ष पहले गौरीशंकर साहू से हुई थी। उनकी दो बेटियां हैं। बड़ी बेटी लवली (11) और छोटी बेटी रितिका (9) स्कूल में पढ़ती थीं। रितिका पढ़ाई के साथ खेलकूद में भी सक्रिय थी और कराटे प्रतियोगिता में ब्रॉन्ज मेडल जीत चुकी थी। उसका सपना राष्ट्रीय स्तर पर खेलना था। मां-बेटी की एक साथ मौत से परिवार और पूरे गांव में शोक का माहौल है।
कंटेनर छोड़ चालक फरार
हादसे के बाद कंटेनर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। वाहन जब्त कर चालक की तलाश शुरू कर दी गई है।
17 दिनों में दूसरा बड़ा हादसा
तेलीबांधा थाना क्षेत्र में 17 दिनों के भीतर यह दूसरा जानलेवा सड़क हादसा है। इससे पहले 9 अक्टूबर को एक्सप्रेस-वे ब्रिज के नीचे ट्रक की चपेट में आने से एक बुजुर्ग की मौत हो गई थी।
रायपुर में लगातार बढ़ रहे सड़क हादसे
राजधानी रायपुर में सड़क दुर्घटनाओं के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। पिछले नौ महीनों में 1230 सड़क हादसों में 390 लोगों की जान जा चुकी है। हाईवे और आउटर क्षेत्र की सड़कें सबसे अधिक दुर्घटना संभावित मानी जा रही हैं। प्रदेश में कई ब्लैक स्पॉट चिन्हित किए जा चुके हैं, जिनमें से कुछ स्थानों पर सुधार कार्य अभी भी अधूरा है।


