Raipur News: रायपुर में नायब तहसीलदार का बीच सड़क पर बर्थडे सेलिब्रेशन; केक काटा, आतिशबाजी की, VIDEO वायरल

Raipur Naib Tehsildar Birthday Video

Raipur News: रायपुर जिले के अभनपुर में पदस्थ नायब तहसीलदार विपिन पटेल का बीच सड़क पर जन्मदिन मनाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। वीडियो में वह सड़क पर गाड़ी रोककर केक काटते, आतिशबाजी करते और फिल्मी गाने पर रील बनाते नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद इसे लेकर चर्चा तेज हो गई है।

वायरल वीडियो में नायब तहसीलदार अपनी गाड़ी के पास खड़े दिखाई देते हैं। गाड़ी की डिक्की खोलने पर उसमें केक और ‘हैप्पी बर्थडे’ का टैग नजर आता है। इसके बाद वह बीच सड़क पर केक काटते हैं। इसी दौरान एक युवक आतिशबाजी करता दिखाई देता है और पूरा घटनाक्रम कैमरे में रिकॉर्ड किया जाता है।

 

सलमान खान के गाने पर बनाई रील

केक काटने के दौरान सलमान खान के लोकप्रिय गीत ‘ओ-ओ जाने जाना’ पर रील भी बनाई गई। बाद में इस वीडियो को सोशल मीडिया पर साझा किया गया, जिसके वायरल होने के बाद लोगों ने सवाल उठाने शुरू कर दिए।

 

हाईकोर्ट के निर्देशों के बावजूद सामने आया मामला

छत्तीसगढ़ में सार्वजनिक सड़कों पर बर्थडे सेलिब्रेशन और यातायात बाधित करने के मामलों को लेकर पहले भी कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। ऐसे मामलों पर छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट सख्त रुख अपना चुका है और सड़क पर केक काटने, स्टंट करने तथा यातायात बाधित करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

लाइसेंस रद्द करने तक के दिए गए हैं निर्देश

कानूनी जानकारों के अनुसार, हाईकोर्ट ने राज्य सरकार और पुलिस को ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। अदालत ने आवश्यकता पड़ने पर दोषियों के ड्राइविंग लाइसेंस रद्द करने तक की कार्रवाई करने की बात भी कही है। इसके बावजूद सड़क पर जन्मदिन मनाने और रील बनाने के मामले लगातार सामने आ रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *