Raipur Traffic Update: राष्ट्रपति के रायपुर दौरे से आज शहर की 13 से ज्यादा सड़कें बंद, 2000 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात

Draupadi Murmu

Raipur Traffic Update: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज दो दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे पर रायपुर पहुंचेंगी। उनके दौरे को देखते हुए राजधानी की 13 से अधिक प्रमुख सड़कों पर यातायात प्रभावित रहेगा। माना एयरपोर्ट से लोकभवन, बूढ़ापारा इंडोर स्टेडियम, गायत्री नगर स्थित जगन्नाथ मंदिर और नवा रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास तक राष्ट्रपति के काफिले की आवाजाही के दौरान कई मार्गों पर अस्थायी रूप से यातायात रोका जाएगा। सुरक्षा व्यवस्था के लिए 2000 से ज्यादा अधिकारी और पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं।

यातायात पुलिस के अनुसार राष्ट्रपति के काफिले के गुजरने से लगभग आधे घंटे पहले संबंधित मार्गों पर आवाजाही रोक दी जाएगी और काफिला निकलने के 10 से 15 मिनट बाद यातायात फिर से शुरू किया जाएगा। इससे शहर के हजारों लोगों की आवाजाही प्रभावित होने की संभावना है।

राष्ट्रपति का कार्यक्रम

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू दोपहर 12:15 बजे माना एयरपोर्ट पहुंचेंगी। यहां से वे सीधे सिविल लाइंस स्थित लोकभवन जाएंगी। दोपहर बाद 3 बजे बूढ़ापारा स्थित बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगी। कार्यक्रम के बाद वे फिर लोकभवन लौटेंगी।

शाम को राष्ट्रपति गायत्री नगर स्थित जगन्नाथ मंदिर में दर्शन करेंगी। इसके बाद नवा रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास जाएंगी और रात्रि विश्राम के लिए वापस लोकभवन लौटेंगी। अगले दिन सुबह बस्तर के लिए रवाना होंगी।

ये सड़कें रहेंगी बंद

राष्ट्रपति के काफिले के कारण शंकर नगर, सिविल लाइंस, बूढ़ापारा, वीआईपी रोड, एक्सप्रेस-वे, फुंडहर चौक, काली मंदिर चौक, निगम मुख्यालय, सप्रे शाला और श्याम टॉकीज क्षेत्र में यातायात प्रभावित रहेगा। प्रमुख चौराहों पर जाम की स्थिति भी बन सकती है। लोगों से वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की गई है।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम

राष्ट्रपति के दौरे के लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। 3 IG, 6 DIG, 10 SP रैंक के अधिकारियों सहित 100 से अधिक वरिष्ठ अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। इसके अलावा विभिन्न जिलों और बटालियनों से अतिरिक्त पुलिस बल भी रायपुर बुलाया गया है।

Raipur News: राष्ट्रपति मुर्मू आज रायपुर में जारी करेंगी ₹200 का स्मारक सिक्का, शहर में ट्रैफिक रहेगा प्रभावित

रूट प्लान

दोपहर 12 बजे से 1 बजे तक – माना एयरपोर्ट से लोकभवन तक राष्ट्रपति का काफिला वीआईपी रोड, फुंडहर चौक, एक्सप्रेस-वे, शंकर नगर ओवरब्रिज, एसआरपी चौक और पुराने पुलिस मुख्यालय होते हुए लोकभवन पहुंचेगा।

दोपहर 3 बजे से 5 बजे तक – लोकभवन से बूढ़ापारा इंडोर स्टेडियम तक काफिला सिविल लाइंस, काली मंदिर चौक, ओसीएम चौक, महिला थाना, निगम मुख्यालय, सप्रे शाला और श्याम टॉकीज मार्ग से होकर गुजरेगा। वापसी के दौरान भी यही रूट रहेगा।

शाम 7 बजे से रात 9 बजे तक – लोकभवन से गायत्री नगर स्थित जगन्नाथ मंदिर और वहां से वीआईपी रोड होते हुए नवा रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास तक काफिले की आवाजाही रहेगी। इस दौरान संबंधित मार्गों पर दो बार यातायात रोका जाएगा।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *