Bilaspur Liquor Shop Theft: बिलासपुर जिले के सकरी थाना क्षेत्र स्थित कोड़ापुरी कंपोजिट मदिरा दुकान में सेंधमारी का मामला सामने आया है। अज्ञात चोरों ने दुकान की पिछली दीवार में सेंध लगाकर महंगी शराब की बोतलें और गल्ले में रखी नकदी चोरी कर ली। चोरी गए सामान और नकदी की कुल कीमत 14,400 रुपए बताई गई है। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सुबह ड्यूटी पर पहुंचे तो हुआ खुलासा
जानकारी के अनुसार, दुकान के सुपरवाइजर सुजीत चतुर्वेदी 19 अक्टूबर की सुबह ड्यूटी पर पहुंचे तो दुकान की पिछली दीवार में सेंध लगी हुई मिली। जांच करने पर पता चला कि अज्ञात चोर 18-19 अक्टूबर की दरमियानी रात दुकान में घुसकर शराब की कई बोतलें और गल्ले में रखी नकदी लेकर फरार हो गए।
महंगी शराब की बोतलें और नकदी ले उड़े चोर
चोर एक पेटी प्लेन मदिरा के 48 पाव, 8 पीएम ब्लैक की चार बोतलें, ब्लेंडर्स प्राइड रिजर्व, मेड ऑफ प्रीमियम और व्हाइट एंड ब्लू ब्रांड की शराब की बोतलें चोरी कर ले गए। इसके अलावा गल्ले में रखे 4,360 रुपए नकद भी अपने साथ ले गए। चोरी की कुल कीमत 14,400 रुपए आंकी गई है।
घटना की शिकायत सकरी थाने में दर्ज कराई गई है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 305(a) और 331(4) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास के साक्ष्य और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है।

