CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में अगले तीन दिनों तक मौसम का मिजाज बदला हुआ रहेगा। मौसम विभाग ने प्रदेश के 12 जिलों में गरज-चमक, हल्की बारिश, आकाशीय बिजली और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। दक्षिण बस्तर से लेकर सरगुजा संभाग तक कई इलाकों में मौसम प्रभावित रहने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण छत्तीसगढ़ के कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। वहीं कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका है। ऐसे में किसानों और खुले स्थानों पर काम करने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
रायपुर में कैसा रहेगा मौसम
राजधानी रायपुर में सोमवार को मौसम सामान्य रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। रविवार को रायपुर का अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री और न्यूनतम 24.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
प्रदेश में बीते 24 घंटे के दौरान कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हुई, लेकिन कहीं भी उल्लेखनीय वर्षा दर्ज नहीं की गई। अगले कुछ दिनों तक भी बारिश का असर सीमित क्षेत्रों में ही रहने का अनुमान है।
इन जिलों में जारी हुआ अलर्ट
मौसम विभाग ने सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, कोरबा, जशपुर, सरगुजा और बलरामपुर समेत 12 जिलों के कुछ हिस्सों में गरज-चमक, हल्की बारिश, आकाशीय बिजली और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है। लोगों से खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने और अनावश्यक रूप से खुले क्षेत्रों में जाने से बचने की अपील की गई है।


