CG News: झूले की रस्सी में फंसा बच्चे का गला, छात्र की मौत; प्रधानपाठक समेत 2 शिक्षक निलंबित

CG News: झूले की रस्सी में फंसा बच्चे का गला, छात्र की मौत; प्रधानपाठक समेत 2 शिक्षक

CG News: महासमुंद जिले के बसना विकासखंड के मुड़ीडीह शासकीय प्राथमिक स्कूल में झूला झूलते समय रस्सी गले में फंसने से चौथी कक्षा के छात्र की मौत हो गई। हादसा शुक्रवार सुबह करीब 9:30 से 10 बजे के बीच हुआ। मृतक छात्र की पहचान तरुण चौहान (10) के रूप में हुई है।

बताया जा रहा है कि तरुण समय से पहले स्कूल पहुंच गया था। स्कूल परिसर में पेड़ से बंधे रस्सी के झूले में खेलते समय उसका गला रस्सी में फंस गया। घटना के समय स्कूल परिसर में कोई शिक्षक या जिम्मेदार कर्मचारी मौजूद नहीं था।

मामले में लापरवाही सामने आने के बाद जिला शिक्षा अधिकारी बीएल देवांगन ने स्कूल के प्रधानपाठक रघुनाथ चौधरी और सहायक शिक्षक (LB) गुणितराम चौधरी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

महिलाओं ने रस्सी से लटका देखा

जानकारी के अनुसार तरुण स्कूल पहुंचने के बाद परिसर में लगे झूले में खेल रहा था। बताया जा रहा है कि बच्चे इस झूले में झूलने के साथ उल्टा लटककर भी खेलते थे। इसी दौरान रस्सी उसके गले में फंस गई।

कुछ महिलाएं जब स्कूल परिसर पहुंचीं तो उन्होंने बच्चे को रस्सी से लटका देखा। उन्होंने तुरंत उसे नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की जानकारी मिलने के बाद भंवरपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए बसना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

स्कूल में नहीं था कोई शिक्षक

भंवरपुर चौकी प्रभारी अनंजना चंद्रा ने बताया कि घटना सुबह के समय हुई। छात्र जब झूले में खेल रहा था, उस दौरान स्कूल परिसर में कोई मौजूद नहीं था। खेलते समय रस्सी गले में फंसने से बच्चे की मौत हो गई।

 

लापरवाही पर दो शिक्षक निलंबित

जिला शिक्षा अधिकारी ने जांच के बाद प्रधानपाठक रघुनाथ चौधरी और सहायक शिक्षक (एलबी) गुणितराम चौधरी को निलंबित किया है। अधिकारियों के अनुसार स्कूल में बच्चों की सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही पाए जाने पर यह कार्रवाई की गई है।

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *