CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में बारिश का अलर्ट;  40KM की रफ्तार से चलेंगी हवाएं, बिजली गिरने की चेतावनी

CG Weather Update: छत्तीसगढ़ के दक्षिणी हिस्से में आज मौसम का मिजाज बदला रह सकता है। मौसम विभाग ने सुकमा, दंतेवाड़ा, बस्तर और बीजापुर जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश, आकाशीय बिजली और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

अगले 2 दिन बारिश की संभावना

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क बना रहेगा, लेकिन अगले दो दिनों तक एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। दक्षिणी जिलों में गरज-चमक और तेज हवाओं का असर अधिक देखने को मिल सकता है।

रायपुर का मौसम

राजधानी रायपुर में शुक्रवार को मौसम साफ रहने का अनुमान है। हालांकि दोपहर या शाम के समय बादल छा सकते हैं। शहर में अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। गुरुवार को रायपुर का अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

पेंड्रा रोड सबसे ठंडा

प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान 18.2 डिग्री सेल्सियस पेंड्रा रोड में रिकॉर्ड किया गया। वहीं माना में अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम 22.8 डिग्री, बिलासपुर में 32 और 23.1 डिग्री तथा अंबिकापुर में 32 और 18.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के अनुसार दक्षिणी तटीय तमिलनाडु से ओडिशा तट के पास उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी तक एक ट्रफ सक्रिय है। इसके अलावा उत्तर-पूर्वी उत्तर प्रदेश से पूर्वी मध्य अरब सागर तक पूर्वी मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र से होकर एक अन्य ट्रफ लाइन गुजर रही है। इन मौसमी प्रणालियों के प्रभाव से प्रदेश के दक्षिणी हिस्सों में बारिश और गरज-चमक की स्थिति बनी हुई है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *