CG PM Awas Yojana: मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में मंत्रालय महानदी भवन में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 1.0 और 2.0 की राज्य स्तरीय स्वीकृति एवं निगरानी समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्वीकृत आवासों का निर्माण जल्द पूरा कराने और तेजी से काम करने वाले हितग्राहियों को प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए गए।
प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 की समीक्षा
बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के तहत लाभार्थी आधारित निर्माण (बीएलसी) और भागीदारी में किफायती आवास (एएचपी) घटकों की प्रगति पर विस्तार से चर्चा हुई। इसके साथ ही एएचपी परियोजनाओं के निर्माण स्थल में परिवर्तन से जुड़े प्रस्तावों पर भी विचार किया गया।
प्रधानमंत्री आवास योजना 1.0 के प्रस्तावों को मिली मंजूरी
प्रधानमंत्री आवास योजना 1.0 के तहत लाभार्थी आधारित आवास निर्माण परियोजनाओं में कटौती के बाद संशोधित प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। बैठक में नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के अन्य प्रस्तावों को भी स्वीकृति प्रदान की गई।
2.43 लाख से अधिक आवास स्वीकृत
अधिकारियों ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के तहत प्रदेश में कुल 2,43,087 आवास स्वीकृत किए गए हैं। इनमें से 2,25,411 आवासों का निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि 17,368 आवासों का निर्माण कार्य जारी है।
लाभार्थी आधारित निर्माण (बीएलसी) घटक के अंतर्गत स्वीकृत 2,06,118 आवासों में से 1,96,144 आवास पूरे हो चुके हैं। वहीं 9,666 मकानों का निर्माण विभिन्न चरणों में चल रहा है।
बैठक में वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा, राज्य शहरी विकास अभिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुमित अग्रवाल सहित ऊर्जा, वित्त, आवास एवं पर्यावरण, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, नगर तथा ग्राम निवेश, हाउसिंग बोर्ड, हुडको और राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
