CG Fraud: धमतरी में मंत्रालय में नौकरी लगाने और गृह निर्माण मंडल का आवास दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने पारिजात भवन आवंटित कराने का झांसा देकर एक युवक से 9 लाख रुपये से अधिक की रकम ले ली थी। पुलिस ने मामले में शशि प्रभा साहू और अमित कुमार देवांगन को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, बालोद जिले के भानपुरी निवासी मनीष साहू (27 वर्ष) ने धमतरी सिटी कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित ने बताया कि फरवरी 2024 में उसकी मुलाकात रुद्री रोड स्थित एक होटल में शशि प्रभा साहू और अमित देवांगन से हुई थी।
दोनों आरोपियों ने खुद को मंत्रालय में कार्यरत बताकर युवक को भरोसे में लिया और छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल के पारिजात भवन में आवास दिलाने का झांसा दिया। आरोपियों ने पीड़ित को विश्वास दिलाने के लिए उसे मंत्रालय (महानदी भवन) भी ले जाकर बाहर खड़ा किया था।
आवास की कीमत बताकर ऐंठे 9 लाख रुपये
आरोपियों ने पीड़ित को पारिजात भवन की कीमत 14 लाख 12 हजार रुपये बताई और अलग-अलग किश्तों में बैंक खाते, फोन-पे, गूगल-पे और नकद माध्यम से कुल 9 लाख 8 हजार रुपये ले लिए। इसके अलावा पीड़ित से बैंक ऑफ बड़ौदा और स्टेट बैंक के दो खाली हस्ताक्षरित चेक भी ले लिए गए।
जब युवक को ठगी का एहसास हुआ और उसने रकम वापस मांगी तो आरोपियों ने 2 लाख 98 हजार 999 रुपये वापस किए, जबकि बाकी रकम वापस नहीं की।
पीड़ित की शिकायत पर धमतरी सिटी कोतवाली पुलिस ने बीएनएस की धारा 318(4) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और सूचना के आधार पर शशि प्रभा साहू (50 वर्ष) और अमित कुमार देवांगन (38 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ में अपराध स्वीकार करने के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

