CG Weather Update: बारिश थमते हि 6 डिग्री बढ़ा तापमान, आज कई जिलों में बारिश के आसार

CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में मानसून सक्रिय रहने के कारण प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी है। पिछले 24 घंटे के दौरान कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। वहीं राजधानी रायपुर का अधिकतम तापमान एक ही दिन में 6 डिग्री सेल्सियस बढ़कर 31 डिग्री पहुंच गया। मौसम विभाग ने आज भी रायपुर समेत कई इलाकों में बारिश और गरज-चमक की संभावना जताई है।

प्रदेश में तापमान का हाल

मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटे में प्रदेश का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में दर्ज किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस पेंड्रा रोड में रिकॉर्ड हुआ। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई।

CG Weather Update: छत्तीसगढ़ के मध्य और उत्तर हिस्से के कई जिलों में आज भी भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक पूरे प्रदेश में मानसून सक्रिय रहेगा। पिछले 24 घंटे के दौरान सरगुजा, बिलासपुर, रायपुर और दुर्ग संभाग के कई इलाकों में भारी बारिश दर्ज की गई।

रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम

राजधानी रायपुर में आज आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। दिन में एक-दो बार बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

CG Weather Update

इन इलाकों में हुई बारिश

पिछले 24 घंटे के दौरान राजिम में सबसे अधिक 6 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। गोबरा नवापारा और कुरूद में 5-5 सेंटीमीटर बारिश हुई। भखारा, अभनपुर, मगरलोड, रायपुर शहर, पाटन और लाभांडीह में 4-4 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। वहीं दरिमा में 3 सेंटीमीटर तथा धमतरी, माना एयरपोर्ट, राजपुर, मंदिर हसौद, आरंग और छुरा में 2-2 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई।

मौसम विभाग के अनुसार, उत्तरी मध्य प्रदेश और उससे लगे दक्षिणी उत्तर प्रदेश के ऊपर बना सुस्पष्ट निम्न दबाव का क्षेत्र अभी सक्रिय है। इससे जुड़ा चक्रवाती परिसंचरण भी बना हुआ है। इसके अगले दो दिनों तक लगभग इसी क्षेत्र में बने रहने की संभावना है, जिसके प्रभाव से छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रह सकता है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *