Janmashtami 2026: जन्माष्टमी पर रायपुर के इन मंदिरों में विशेष पूजा, 11 क्विंटल मालपुआ का भोग, 101 लीटर दूध से होगा अभिषेक

Janmashtami 2026: श्रीकृष्ण जन्माष्टमी को लेकर राजधानी रायपुर के मंदिरों में तैयारियां अंतिम चरण में हैं। 4 सितंबर को शुभ संयोग में भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। मंदिरों को आकर्षक रोशनी और फूलों से सजाया जा रहा है। विभिन्न मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना, अभिषेक, भजन-कीर्तन और महाभोग के आयोजन होंगे।

Janmashtami 2026: श्रीकृष्ण जन्माष्टमी को लेकर राजधानी रायपुर के मंदिरों में तैयारियां अंतिम चरण में हैं। 4 सितंबर को शुभ संयोग में भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। मंदिरों को आकर्षक रोशनी और फूलों से सजाया जा रहा है। विभिन्न मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना, अभिषेक, भजन-कीर्तन और महाभोग के आयोजन होंगे।

जैतुसाव मठ में लगेगा 11 क्विंटल मालपुआ का भोग

पुरानी बस्ती स्थित श्री जैतुसाव मठ में जन्माष्टमी पर भगवान श्रीकृष्ण का स्वर्ण श्रृंगार किया जाएगा। रात 12 बजे मंत्रोच्चार के साथ जन्म आरती होगी। ठाकुर जी को 11 क्विंटल मालपुआ और 1 क्विंटल पंजीरी का भोग लगाया जाएगा। 5 सितंबर की शाम श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया जाएगा।

राधाकृष्ण मंदिर में 101 लीटर दूध से अभिषेक

समता कॉलोनी स्थित राधाकृष्ण मंदिर में सुबह 7 बजे भगवान श्रीकृष्ण का 101 लीटर दूध से अभिषेक किया जाएगा। मंदिर और प्रतिमा का विशेष श्रृंगार किया जा रहा है। दिनभर झांकी दर्शन, भजन और धार्मिक कार्यक्रम होंगे। मध्यरात्रि में जन्मोत्सव के बाद महाआरती होगी।

दूधाधारी मठ में चार दिन चलेगा आयोजन

श्री दूधाधारी मठ में 4 से 7 सितंबर तक जन्माष्टमी महोत्सव मनाया जाएगा। प्रतिदिन भजन-कीर्तन, पूजा-अर्चना और धार्मिक आयोजन होंगे। 4 सितंबर की रात 12 बजे भगवान श्रीकृष्ण की जन्म आरती की जाएगी।

इस्कॉन मंदिर में तीन दिवसीय महोत्सव

टाटीबंध स्थित इस्कॉन मंदिर में 3 से 5 सितंबर तक तीन दिवसीय जन्माष्टमी महोत्सव आयोजित होगा। भक्ति नृत्य, कृष्ण बाललीला, भजन-कीर्तन, महाभिषेक, छप्पन भोग, पुष्पांजलि और महाआरती जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

मैथिली ठाकुर की भजन संध्या आज

हरे कृष्ण मूवमेंट की ओर से बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में आज शाम जन्माष्टमी महोत्सव का आयोजन होगा। शाम को राधाकृष्ण का अभिषेक किया जाएगा। इसके बाद प्रसिद्ध गायिका मैथिली ठाकुर और उनकी टीम भजनों की प्रस्तुति देंगी। कार्यक्रम में महाआरती, महाप्रसाद, छप्पन भोग और कीर्तन भी होगा।

कोतवाली थाना बनेगा श्रीकृष्ण जन्मस्थल

सिटी कोतवाली परिसर में भी हर वर्ष की तरह श्रीकृष्ण जन्मोत्सव का मंचन किया जाएगा। कलाकार वासुदेव, देवकी और सैनिकों की वेशभूषा में भगवान श्रीकृष्ण के जन्म का दृश्य प्रस्तुत करेंगे। इसके बाद ठाकुर जी की शोभायात्रा गोपाल मंदिर तक निकाली जाएगी।

अन्य मंदिरों में भी होंगे विशेष आयोजन

नयापारा स्थित 156 वर्ष पुराने श्री बांके बिहारी मंदिर में दुग्धाभिषेक, विशेष श्रृंगार और जन्म आरती होगी। बूढ़ापारा के गिरिराज मंदिर में चार धाम से लाई गई सामग्री से विशेष पूजा की जाएगी। वहीं सदर बाजार के गोपाल मंदिर में जन्मोत्सव के अगले दिन नंद महोत्सव मनाया जाएगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *