CG Swine Flu: छत्तीसगढ़ में स्वाइन फ्लू (H1N1) के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। पिछले 24 घंटे में 10 नए संक्रमित मरीज मिलने के बाद प्रदेश में कुल मामलों की संख्या 115 पहुंच गई है। वहीं सक्रिय मरीजों की संख्या भी बढ़कर 28 हो गई है। लगातार बढ़ते संक्रमण को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर है।![]()
इन जिलों में स्वाइन फ्लू का खतरा
स्वाइन फ्लू अब प्रदेश के नए जिलों में भी दस्तक दे चुका है। हाल के दिनों में बलौदाबाजार-भाटापारा, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी और उत्तर बस्तर कांकेर में भी संक्रमण के नए मामले सामने आए हैं। स्वास्थ्य विभाग संक्रमण की निगरानी बढ़ाने के साथ लोगों से सतर्क रहने की अपील कर रहा है।
रायपुर में सबसे ज्यादा मरीज
राजधानी रायपुर में 3 नए मरीज मिलने के बाद जिले में संक्रमितों की कुल संख्या 54 हो गई है। जिले में सक्रिय मरीजों का आंकड़ा बढ़कर 9 पहुंच गया है। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को बुखार, खांसी, गले में दर्द या सांस लेने में तकलीफ जैसे लक्षण दिखाई देने पर तुरंत जांच कराने और बिना डॉक्टर की सलाह के दवा नहीं लेने की सलाह दी है।
दुर्ग में भी बढ़े संक्रमण के मामले
दुर्ग जिले में भी 3 नए मरीज सामने आए हैं। जिले में अब तक कुल 13 मरीज मिल चुके हैं। इनमें 4 मरीज स्वस्थ होकर घर लौट चुके हैं, जबकि 2 मरीज होम आइसोलेशन में हैं। अन्य मरीज रायपुर और भिलाई के विभिन्न अस्पतालों में उपचाराधीन हैं।
बढ़ाई गई स्वास्थ्य तैयारियां
बिलासपुर में स्वाइन फ्लू के कुल मामले 13 हो गए हैं। इनमें 3 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं, जबकि कई मरीजों का इलाज अस्पताल में जारी है। मरीजों की संख्या बढ़ने के बाद सिम्स अस्पताल में 8 बिस्तरों का आइसोलेशन वार्ड तैयार किया गया है। गंभीर मरीजों के लिए वेंटिलेटर की व्यवस्था की गई है और डॉक्टरों की 24 घंटे ड्यूटी लगाई गई है।

