CG Breaking: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर स्थित बिलासा देवी केंवट एयरपोर्ट पर दिल्ली से पहुंची अलायंस एयर की फ्लाइट की लैंडिंग के दौरान बड़ा हादसा टल गया। विमान का एक टायर फट गया, जबकि शुरुआती जांच में तीन अन्य पहियों के भी लॉक होने की जानकारी सामने आई है। घटना के बाद विमान रनवे पर ही रुक गया, जिससे संभावित बड़ा हादसा टल गया। मामले की जांच नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) की टीम कर रही है।![]()
लैंडिंग के दौरान लगा जोरदार झटका
फ्लाइट 9I613 (VT-UDA) में सवार यात्रियों ने बताया कि दिल्ली से बिलासपुर तक यात्रा सामान्य रही, लेकिन रनवे पर उतरते ही विमान को तेज झटका लगा। इसके कुछ ही सेकेंड बाद केबिन में जलने जैसी गंध फैलने लगी, जिससे यात्रियों में दहशत फैल गई। कई यात्रियों को लगा कि विमान में आग लग गई है।
रनवे पर रुका विमान
घटना के बाद विमान रनवे पर ही रुक गया। बताया जा रहा है कि यदि विमान रनवे से आगे निकल जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था। विमान से सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हादसे में किसी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है।
विमान का टायर फटा
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि लैंडिंग के समय विमान का एक टायर फट गया था और उसके साथ तीन अन्य पहिए भी लॉक हो गए थे।
DGCA की टीम कर रही जांच
घटना की जांच के लिए डीजीसीए की 9 सदस्यीय टीम बिलासपुर पहुंची। अधिकारियों ने एयरपोर्ट प्रबंधन और अलायंस एयर के इंजीनियरों के साथ बैठक कर पूरी घटना की जानकारी ली। टीम ने विमान की तकनीकी स्थिति, रखरखाव रिकॉर्ड और लैंडिंग से जुड़े सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है।
जांच के दौरान अधिकारियों ने उस स्थान का भी निरीक्षण किया जहां विमान रुक गया था। साथ ही रनवे की स्थिति और विमान के क्षतिग्रस्त हिस्सों की विस्तार से जांच की गई। निरीक्षण के बाद रनवे को सुरक्षित घोषित किया गया, जिसके बाद अन्य उड़ानों का संचालन सामान्य रूप से शुरू कर दिया गया।
दिल्ली में होगी विमान की पूरी मरम्मत
क्षतिग्रस्त विमान की मरम्मत बिलासपुर में तकनीकी संसाधनों की कमी के कारण पूरी नहीं हो पा रही है। ऐसे में अलायंस एयर विमान को आवश्यक मरम्मत के बाद सुरक्षित तरीके से दिल्ली ले जाने की तैयारी कर रही है। वहां वर्कशॉप में विमान की विस्तृत जांच और पूरी मरम्मत की जाएगी।


