CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय होने जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार 30 अगस्त से 3 सितंबर तक प्रदेश के कई हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है। कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश भी हो सकती है। बंगाल की खाड़ी में बन रहे निम्न दबाव क्षेत्र के प्रभाव से मानसूनी गतिविधियां तेज होने के संकेत हैं।
30 अगस्त से तेज होगा बारिश का दौर
मौसम विभाग के मुताबिक बंगाल की खाड़ी में बन रहा मौसम तंत्र छत्तीसगढ़ को प्रभावित करेगा। इसके असर से 30 अगस्त से प्रदेश के कई जिलों में बारिश का दायरा और तीव्रता बढ़ सकती है। यह सिलसिला 3 सितंबर तक जारी रहने की संभावना है। भारी बारिश की आशंका को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
रायपुर का मौसम
राजधानी रायपुर में रविवार को दिनभर आसमान में बादल छाए रहने और गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
इन जिलों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, बिलासपुर, कोरबा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली और कोरिया समेत कई जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है।
इसके अलावा सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, जशपुर, सरगुजा, सूरजपुर और बलरामपुर में गरज-चमक, तेज हवाओं और बारिश की संभावना जताई गई है।
पिछले 24 घंटे में यहां हुई सबसे ज्यादा बारिश
मौसम विभाग के अनुसार 29 अगस्त को शंकरगढ़ में सबसे अधिक 6 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। ओडगी में 4 सेंटीमीटर, करतला में 3 सेंटीमीटर तथा छुरा, लटोरी, सूरजपुर, डोंगरगांव, कुसमी और छाल में 2-2 सेंटीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। महासमुंद, पोंडी बचरा, कोरबा, भैसमा, मरीन बंगला देवरी, लाल बहादुर नगर, सोनहत, माना-रायपुर एयरपोर्ट, राजपुर और बैकुंठपुर में 1-1 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई।
