CGPSC: छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) द्वारा जारी सूबेदार, उप निरीक्षक (SI) और प्लाटून कमांडर भर्ती परीक्षा 2024 के प्रारंभिक परिणाम में कुछ अभ्यर्थियों के नामों को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। चयन सूची में “NEWS”, “SPACERANI” जैसे नाम सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर चर्चा तेज हो गई। इस मामले को लेकर कांग्रेस ने भर्ती प्रक्रिया पर सवाल उठाए हैं, जबकि आयोग ने इसे भ्रामक विवाद बताते हुए स्पष्ट किया है कि सभी नाम अभ्यर्थियों ने आवेदन के समय स्वयं दर्ज किए थे।
सोशल मीडिया पर वायरल हुई चयन सूची
बुधवार को जारी परिणाम के बाद चयन सूची के स्क्रीनशॉट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगे। सूची में क्रमांक 6074 पर “NEWS”, क्रमांक 467 पर “SPACERANI” और क्रमांक 93 पर “MANBAS” नाम दर्ज होने के बाद लोगों ने भर्ती प्रक्रिया पर सवाल उठाने शुरू कर दिए।
भूपेश बघेल ने कसा तंज
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया मंच X पर पोस्ट करते हुए इस मामले पर तंज कसा। उन्होंने लिखा कि NEWS और SPACE RANI को CGPSC द्वारा आयोजित सब इंस्पेक्टर प्री एग्जाम में सांय-सांय सफलता मिली है. दोनों को सांय-सांय बधाई।
सनी लियोनि को महतारी वंदन योजना का लाभ मिलने के बाद ये विष्णुदेव जी की अभूतपूर्व उपलब्धि है।
एक करोड़ रुपए के प्रतिदिन विज्ञापन देकर जनसम्पर्क विभाग को चौराहों पर इस उपलब्धि को टांगना चाहिए ताकि आने वाले दिनों में “रेडियो” और SPACE राजा भी किसी परीक्षा में सफल हो सकें।
कांग्रेस ने मांगी निष्पक्ष जांच
कांग्रेस का कहना है कि चयन सूची में सामने आए कुछ नाम संदेह पैदा करते हैं। पार्टी ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि भर्ती प्रक्रिया की पारदर्शिता और विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए तथ्य सामने आने जरूरी हैं।
CGPSC ने दी आधिकारिक सफाई
विवाद बढ़ने के बाद CGPSC ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर स्पष्ट किया कि चयन सूची में दर्ज सभी नाम अभ्यर्थियों ने ऑनलाइन आवेदन भरते समय स्वयं दर्ज किए थे। आयोग के अनुसार इन्हीं नामों के आधार पर प्रवेश पत्र जारी किए गए और अभ्यर्थियों ने दस्तावेज सत्यापन, शारीरिक परीक्षा तथा प्रारंभिक परीक्षा में भाग लिया।
आयोग ने कहा कि “NEWS”, “SPACERANI”, “HE RAM”, “BHAKT PRAHLAD” और “TUFAIL” जैसे नामों को लेकर सोशल मीडिया पर गलत और भ्रामक जानकारी फैलाई जा रही है। अभ्यर्थियों से केवल आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध जानकारी पर भरोसा करने की अपील की गई है।
7,301 अभ्यर्थी हुए मुख्य परीक्षा के लिए चयनित
CGPSC ने 341 पदों पर भर्ती के लिए आयोजित प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम 4 अगस्त 2026 को जारी किया था। 12 जुलाई 2026 को आयोजित परीक्षा में सफल 7,301 अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा के लिए पात्र घोषित किया गया है। मुख्य परीक्षा 24, 25 और 26 अक्टूबर 2026 को प्रस्तावित है। इसमें शामिल होने के लिए सफल अभ्यर्थियों को अलग से ऑनलाइन आवेदन करना होगा।




