Raipur Accident: राजधानी रायपुर में मंगलवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 3 साल के मासूम की मौत हो गई। यह हादसा विधानसभा अंडरब्रिज सर्विस रोड के पास हुआ, जहां भुवंस स्कूल की बस की चपेट में आने से बच्चे ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद पुलिस ने बस जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया है।![]()
जानकारी के अनुसार, विधानसभा क्षेत्र के अंडरब्रिज के पास राजा देवार का परिवार रहता है। मंगलवार सुबह करीब 8 बजे भुवंस स्कूल की बस बच्चों को लेकर स्कूल जा रही थी। इसी दौरान सर्विस रोड पर खेल रहा 3 वर्षीय मुन्ना अचानक बस की चपेट में आ गया। हादसा इतना गंभीर था कि मासूम की मौके पर ही मौत हो गई।
चालक गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही विधानसभा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने बस को जब्त कर चालक धलेंद्र साहू को गिरफ्तार कर लिया। चालक और बस के कंडक्टर से पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
परिजनों ने थाने का किया घेराव
हादसे के बाद आक्रोशित परिजन और बस्ती के लोग बड़ी संख्या में विधानसभा थाना पहुंचे। उन्होंने आरोपी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए थाने का घेराव किया। परिजनों का आरोप है कि स्कूल बसों की तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण लगातार हादसे हो रहे हैं, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
घटना के बाद डायल-112 में तैनात आरक्षक दीपक लहरे और चालक ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बच्चे के शव को सुरक्षित मेकाहारा मर्चुरी पहुंचाया। साथ ही भीड़ को नियंत्रित कर यातायात व्यवस्था बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके सराहनीय कार्य के लिए वरिष्ठ अधिकारियों ने उन्हें पुरस्कृत किया।


