CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में एक बार फिर मानसून सक्रिय होने जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार आज से प्रदेशभर में बारिश और मेघगर्जन की गतिविधियों में बढ़ोतरी होगी। कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा होने की संभावना जताई गई है। वहीं रायपुर समेत कई इलाकों में उमस भरी गर्मी से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
पिछले 24 घंटों का मौसम
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। बलरामपुर जिले के कुछ क्षेत्रों में भारी वर्षा हुई। इस दौरान प्रदेश का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 34.7 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 23.6 डिग्री सेल्सियस पेंड्रा रोड में रिकॉर्ड किया गया।
रायपुर का मौसम
राजधानी रायपुर में आज आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। रायपुर का अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
इन इलाकों में हुई बारिश
सोमवार को प्रदेश के कई इलाकों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। रघुनाथनगर में 8 सेंटीमीटर, वाड्रफनगर में 7 सेंटीमीटर, खड़गांव में 5 सेंटीमीटर, रामानुजगंज और रामचंद्रपुर में 4-4 सेंटीमीटर, जबकि कोटाडोल, चिरमिरी और बलरामपुर में 2-2 सेंटीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई।
मौसम विभाग का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार औसत समुद्र तल पर मानसून द्रोणिका बीकानेर, दिल्ली, लखनऊ और पटना से होते हुए मणिपुर की ओर पूर्व दिशा में फैली हुई है। इसके प्रभाव से 4 अगस्त को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा को लेकर भी चेतावनी जारी की गई है।
