CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में मानसून पूरी तरह सक्रिय है। पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के अधिकांश जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। राजधानी रायपुर में भी रविवार दोपहर झमाझम बारिश हुई। लगातार हो रही बारिश से कई जिलों में नदी-नाले उफान पर हैं। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे प्रदेश के उत्तर और मध्य हिस्सों के कुछ क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है।![]()
रायपुर का मौसम
राजधानी रायपुर में सोमवार को मौसम सुहावना रहने की संभावना है। आसमान में बादल छाए रहेंगे और गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
कहां कितनी हुई बारिश
मौसम विभाग के अनुसार मनेन्द्रगढ़ में 8 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई। बिल्हा और मैनपुर में 7-7 सेंटीमीटर, पटना में 6 सेंटीमीटर तथा मुंगेली, गरियाबंद, जनकपुर-भरतपुर, रामानुजगंज, बैकुंठपुर, लोरमी, लालपुर थाना, मगरलोड और चिरमिरी में 5-5 सेंटीमीटर बारिश हुई।
इसके अलावा नगरी, कुकरेल, रतनपुर, हरदीबाजार, पथरिया, मुकडेगा, बलौदा बाजार, पलारी और भाटापारा में 4-4 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई। वहीं कुकदुर, मनोरा, पेंड्रा रोड, खड़गवां, कापू, कोंटा, सिमगा, पौड़ी उपरोड़ा, धमतरी, दर्री, बोदरी, मस्तूरी, बीजापुर, पिथौरा और सकरी में 3-3 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।
सिनोप्टिक सिस्टम
मौसम विभाग के अनुसार झारखंड और उससे लगे बिहार के ऊपर ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। इसके अलावा उत्तरी बिहार से उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी तक द्रोणिका बनी हुई है। वहीं उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश और दक्षिणी छत्तीसगढ़ के ऊपर भी ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इन मौसमी प्रणालियों के प्रभाव से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम तथा कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है।
इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने राजनांदगांव, बिलासपुर, कोरबा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में गरज-चमक, तेज हवाओं और भारी बारिश की संभावना है।
इन जिलों में यलो अलर्ट जारी
वहीं उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदा बाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है।



